मुंबई

Ganesh Chaturthi 2022: गणेश चतुर्थी से पहले नवी मुंबई नगर पालिका की जनता से बड़ी अपील, कहा-पीओपी की गणेश मूर्तियां न खरीदें; जानें पूरा निर्देश

गणेश चतुर्थी से पहले नवी मुंबई नगर पालिका ने लोगों से एक खास अपील की है। नगर पालिका ने लोगों से पीओपी की गणेश मूर्तियां खरीदने से मना किया है। इसके साथ ही ये भी कहा है कि घर में लाई जाने वाली मूर्तियों की ऊंचाई 2 फुट से अधिक नहीं होनी चाहिए।

2 min read
Jul 25, 2022
ganesh_chaturthi.jpg
Ganesh Chaturthi

गणेश चतुर्थी के त्योहार को लेकर मुंबई में भी जोरो-शोरो पर तैयारियां हो रही हैं। हर साल की तरह इस वर्ष भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि यानी कि 31 अगस्त को गणेश चतुर्थी मनाई जाएगी। पिछले दो साल से कोरोनावायरस के चलते पाबंदियों पर चल रहे दहीहांडी और गणेशोत्सव एकदम सादगी से मनाया गया था। लेकिन इस साल दहीहांडी और गणेशोत्सव को धूमधाम से मनाने की हरी झंडी मिल गई है। इस वर्ष गणेशोत्सव और दही हांडी पर कोई पाबंदी नहीं लगाई जाएगी।

दूसरी तरफ गणपति उत्सव के लिए राज्य सरकार ने सार्वजनिक मूर्तियों की ऊंचाई जैसे कई प्रतिबंध हटा दिए गए हैं वहीं अब नवी मुंबई नगर पालिका (एनएमएमसी) ने भक्तों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, खासकर उन लोगों के लिए जो मूर्तियों को अपने घरों में लाएंगे। यह भी पढ़ें: Mumbai: लोकल ट्रेन में एक मासूम अपने हाथों से खिला रही थी पिता को फल, अब तक क्लिप को मिला 4 लाख से ज्यादा व्यूज; वीडियो हुआ वायरल

एनएमएमसी ने गणेश मूर्तियों को लेकर जारी किए ये निर्देश: नागरिक निकाय ने लोगों को पीओपी यानी प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों का उपयोग ना करने की सलाह दी है। इसके बजाय पर्यावरण के अनुकूल मिट्टी के गणपति का चयन करने को कहा है। एक अधिकारी ने कहा कि घर के गणपति की मूर्तियों की ऊंचाई 2 फीट से कम होनी चाहिए, और अगर वे पीओपी से बनी हैं, तो उन्हें अलग से विशेष टैंकों में विसर्जित करना होगा, जिससे प्राकृतिक जल निकायों को नुकसान ना हो।

वहीं दूसरी तरफ एनएमएमसी आयुक्त ने लोगों से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी अपील की है। एनएमएमसी कमिश्नर ने कहा कि अगर लोग भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक मंडल के अंदर हैं, तो मास्क जरूर लगाएं। दो साल की महामारी के बाद इस साल गणपति महोत्सव त्योहार 31 अगस्त को काफी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा।

विसर्जन के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग शुरू: बता दें कि साल 2021 में एनएमएमसी ने विसर्जन स्थलों पर भीड़ या लंबी वेटिंग लाइनों को रोकने के लिए मूर्तियों के विसर्जन के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग की सुविधा शुरू की थी। इस साल भी पंडालों और भक्तों के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं पिछले साल एनएमएमसी ने भीड़ प्रबंधन के लिए सभी वार्डों में कुल 151 कृत्रिम विसर्जन तालाब तैयार किए थे। इस साल भी विसर्जन ऐसे ही होगा। अधिक जानकारी के लिए नागरिक अपने स्थानीय वार्ड कार्यालयों या एनएमएमसी की वेबसाइट पर जाकर पता लगा सकते हैं।

Updated on:
25 Jul 2022 05:53 pm
Published on:
25 Jul 2022 05:51 pm