मुंबई

PM मोदी के जन्मदिन पर बेटियों को तोहफा, सांसद ने 42 नवजातों को दी सोने की अंगूठी

Maharashtra News: यह पहल न केवल बच्चियों के जन्म को सेलिब्रेट करने का प्रयास है, बल्कि भविष्य में उनके लिए आर्थिक सुरक्षा का भी एक दूरदर्शी कदम माना जा रहा है।
2 min read
Sep 18, 2025
Feature image
पीएम मोदी का जन्मदिन। (फोटो- X/@BJPIndia)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक अनोखी पहल देखने को मिली। “बेटी के जन्म का स्वागत” संदेश को समाज तक पहुंचाने के लिए भाजपा सांसद धनंजय महाडिक (Dhananjay Mahadik) ने सीपीआर सरकारी अस्पताल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें नवजात बच्चियों को सोने की अंगूठी भेंट की गई। यह कार्यक्रम गुरुवार (18 सितंबर) को राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार के हाथों संपन्न हुआ।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कोल्हापुर जिले में 16 सितंबर की रात 12 बजे से 17 सितंबर की रात 12 बजे तक गरीब परिवारों में जन्मी हर बच्ची को यह उपहार दिया गया। कुल 42 बच्चियों को सोने की अंगूठियां दी गईं, जिनमें से 8 बच्चियां सीपीआर अस्पताल में जन्मी थीं और बाकी ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों से थीं। इनमें दो जुड़वां बच्चियां भी थीं।

इस पहल के बारे में बताते हुए राज्यसभा सांसद धनंजय महाडिक ने कहा कि समाज में आज भी बेटियों के जन्म को लेकर नकारात्मक सोच बनी हुई है। उसी सोच को बदलने और बेटी का जन्म एक आशीर्वाद है, यह संदेश देने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं के लिए लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और लाडकी बहिन जैसी कई योजनाएं चला रहे हैं। महाडिक ने कहा कि यह एक दिवसीय प्रयोग उसी तर्ज पर किया जा रहा है।

भाजपा नेता ने कहा, सोने की अंगूठी सम्मान का एक प्रतीक है, वहीं उसका गहरा सामाजिक संदेश भी है। सोने की अंगूठी एक प्रतीकात्मक सम्मान है, लेकिन उसका सामाजिक संदेश कहीं अधिक गहरा है। यह प्रयास उस मानसिकता पर प्रहार करने के लिए है, जिसमें बेटी के जन्म पर निराशा जताई जाती है। इससे यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि बेटी का जन्म आशीर्वाद है, वरदान है।

इस मौके पर महाडिक ने यह भी घोषणा की कि आने वाले पूरे साल जिन परिवारों में बेटियों का जन्म होगा, उन्हें दो चंदन के पौधे भेंट किए जाएंगे। इन पौधों को कानूनी प्रमाणपत्र के साथ दिया जाएगा और बड़े होने पर इनसे होने वाली आय लगभग 50 लाख रुपये तक होगी, जो उन बच्चियों की पढ़ाई और शादी में काम आएगी।

Updated on:
18 Sept 2025 07:21 pm
Published on:
18 Sept 2025 07:17 pm