
केतन मर्डर केस में तीसरी गिरफ्तारी
Lohagad Fort Murder case:महाराष्ट्र के हाई-प्रोफाइल लोहगढ़ किला मर्डर केस में पुणे ग्रामीण पुलिस की तफ्तीश अब अपने सबसे निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। 26 साल के रियल एस्टेट डायरेक्टर केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को आमने-सामने बिठाकर लंबी पूछताछ की है। इस दौरान पुलिस के हाथ एक तीसरा संदिग्ध भी लगा है, जो इस खूनी साजिश की कड़ियों को जोड़ने में बेहद अहम साबित हो सकता है।
बता दें कि पुणे ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, कोर्ट से 7 दिनों की रिमांड मिलने के बाद कल देर रात तक सिया गोयल और चेतन चौधरी को एक ही कमरे में आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की गई। शुरुआत में दोनों एक-दूसरे पर दोष मढ़ते नजर आए, लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी सबूत सामने रखे, तो दोनों के होश उड़ गए।
इस मर्डर मिस्ट्री में पुलिस ने अब नीरज कुमार नाम के एक तीसरे शख्स को हिरासत में लिया है। नीरज पिछले तीन सालों से आरोपी चेतन चौधरी की ड्राई फ्रूट की दुकान पर काम करता था। बता दें कि पुलिस जांच में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। 18 जून को वारदात वाले दिन, चेतन चौधरी ने जानबूझकर अपना मोबाइल फोन घर पर छोड़ दिया था ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। इसके बजाय, वह अपने नौकर नीरज कुमार का मोबाइल फोन लेकर लोहगढ़ किले पहुंचा था।
पुलिस को संदेह है कि चेतन ने इसी फोन का इस्तेमाल करके किले के रास्ते में और टिकट काउंटर के पास सिया गोयल से कई बार संपर्क किया था। पुलिस अब नीरज से पूछताछ कर रही है कि क्या वह भी इस मर्डर प्लानिंग का हिस्सा था या चेतन ने उसका इस्तेमाल अनजाने में किया था।
एक तरफ जहां इस केस में तकनीकी सबूत पुख्ता हो रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ परिवारों के बीच बयानबाजी तेज है कि चेतन के पिता बाबूलाल चौधरी ने एक बार फिर अपने बेटे का बचाव करते हुए कहा कि मेरा बेटा बेकसूर है, सिया गोयल खुद को बचाने के लिए उसे झूठा फंसा रही है। मैंने तो सिया का नाम भी पहली बार कल ही सुना है।' उनके रिश्तेदार उदयराम चौधरी ने भी चेतन को निर्दोष बताया।
दूसरी तरफ, मृतक केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने आईएएनएस (IANS) से बात करते हुए कहा कि मुझे देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। मेरे बेटे की हत्या में जो कोई भी शामिल है- चाहे वह सिया गोयल हो, चेतन चौधरी हो या कोई और, उन्हें जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि मेरे बच्चे की आत्मा को शांति मिल सके।'
Updated on:
25 Jun 2026 03:53 pm
Published on:
25 Jun 2026 03:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
