मुंबई

चौथी कक्षा की मासूम से स्कूल में किया दुष्कर्म, महाराष्ट्र के जलगांव में दरिंदा निकला सरकारी शिक्षक, गिरफ्तार

School Teacher Arrested; महाराष्ट्र के जलगांव जिले के धरणगांव में जिला परिषद स्कूल के शिक्षक नंदलाल नारायण मराठे को चौथी क्लास की छात्रा से दुष्कर्म और दो साल तक यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

2 min read
May 16, 2026
फोटो सोर्स- सोशल मीडिया

School Teacher Rape Case:महाराष्ट्र के जलगांव जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक बेहद शर्मनाक वारदात सामने आई है। यहां धरणगांव तहसील के एक जिला परिषद (ZP) स्कूल में ज्ञान की रोशनी फैलाने वाले शिक्षक ने ही गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया। आरोपी शिक्षक पर चौथी कक्षा में पढ़ने वाली एक मासूम बच्ची के साथ पिछले दो साल से यौन शोषण और दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है।

ये भी पढ़ें

दिल्ली बस गैंगरेप मामले में नया मोड़: पैसों के विवाद में दुष्कर्म के आरोप की आशंका, पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

झाड़ू लगाने के बहाने सुबह बुलाता था आरोपी

पीड़ित बच्ची अपने परिवार के साथ धरणगांव तहसील के एक गांव में रहती है और स्थानीय जिला परिषद स्कूल की छात्रा है। जांच में सामने आया है कि आरोपी शिक्षक जिसका नाम नंदलाल नारायण मराठे है, वह बच्ची को निशाना बनाने के लिए घिनौनी साजिश रचता था। स्कूल शुरू होने का समय सुबह 11 बजे का था, लेकिन आरोपी शिक्षक बच्ची को सुबह 10 बजे ही क्लासरूम में झाड़ू लगाने और सफाई करने के बहाने बुला लेता था। जब स्कूल में कोई नहीं होता था, तब वह मासूम की मजबूरी और अकेलेपन का फायदा उठाकर उसके साथ अश्लील हरकतें करता था।

मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाकर किया शोषण

हैरानी की बात यह है कि यह हैवानियत पिछले दो साल से लगातार चल रही थी। आरोपी शिक्षक बच्ची को डरा-धमका कर चुप रखता था और अपने मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाकर उसका मानसिक व शारीरिक शोषण करता था। हद तो तब पार हो गई जब शैक्षणिक सत्र के आखिरी दिन यानी 30 अप्रैल 2026 को इस वहशी शिक्षक ने स्कूल परिसर के भीतर ही मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म (रेप) की वारदात को अंजाम दिया।

पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज, हैवान शिक्षक गिरफ्तार

मासूम ने जब अपनी आपबीती घर पर मां को बताई, तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित बच्ची की मां ने तुरंत धरणगांव पुलिस स्टेशन पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित मां की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक नंदलाल नारायण मराठे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।

कठोरतम सजा दिलाने के लिए पुलिस मुस्तैद

इस संवेदनशील मामले पर जानकारी देते हुए डीवाईएसपी अण्णासाहेब घोलप ने कहा है कि धरणगांव पुलिस स्टेशन के अंतर्गत एक नाबालिग बच्ची के साथ यौन शोषण का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। मां की शिकायत पर हमने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी शिक्षक को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले की कड़ाई और पूरी संवेदनशीलता से जांच कर रही है। आरोपी शिक्षक के विभाग (शिक्षा विभाग) को भी इस संबंध में रिपोर्ट भेज दी गई है ताकि विभागीय स्तर पर भी कठोर कार्रवाई की जा सके। हम कोर्ट में पुख्ता सबूत पेश कर आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Also Read
View All