मुंबई

Cold Alert: महाराष्ट्र में बढ़ी ठिठुरन! 12 और 13 नवंबर को शीतलहर की चेतावनी, जानें किन जिलों में सबसे ज्यादा ठंड

IMD Cold Alert: मौसम विभाग ने कहा, 12 और 13 नवंबर को महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में शीत लहर की स्थिति रहने की संभावना है। जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है।
2 min read
Nov 11, 2025
cold weather Maharashtra
महाराष्ट्र में शीत लहर की चेतावनी (Photo: ANI/File)

महाराष्ट्र (Maharashtra Weather) समेत देश के कई हिस्सों में पारा तेजी से गिरने से ठिठुरन बढ़ गयी है। जलगांव में तो पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 14 नवंबर तक देश के कई हिस्सों में ठंड बढ़ने वाली है। विशेष रूप से मध्य, उत्तर और पूर्व भारत में शीत लहर से लेकर गंभीर शीत लहर जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी मध्य प्रदेश में तीव्र शीतलहर और राज्य में उत्तर से उत्तर-पूर्व बेल्ट तक बहने वाली हवाओं के कारण राज्य में न्यूनतम तापमान प्रभावित हो रहा है, मुंबई समेत पूरे कोंकण क्षेत्र में सर्दी बढ़ गई है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में भी कड़ाके की ठंड महसूस होने लगी है। 12 और 13 नवंबर को विदर्भ क्षेत्र में शीत लहर की स्थिति रहने की संभावना है। जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है।

मौसम विभाग (आईएमडी) ने 12 नवंबर तक के लिए मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर चल सकती है। अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

आईएमडी के अनुसार, 12 नवंबर तक पश्चिमी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंडी हवाएं चलेंगी और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं, 13 और 14 नवंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी ठंड का असर बढ़ेगा।

इसके अलावा, 11 और 12 नवंबर को झारखंड और ओडिशा में भी शीत लहर की स्थिति रह सकती है। विभाग ने कहा है कि अगले 3 से 5 दिनों में महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना और पूर्वोत्तर राज्यों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बंगाल की खाड़ी और दक्षिण तमिलनाडु के ऊपर सक्रिय है, जिसके कारण दक्षिण भारत के राज्यों खासकर केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में अगले तीन दिन भारी बारिश होने की संभावना है।

जानें अपने शहर का तापमान -

मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव के उपाय करने की अपील की गई है।

Updated on:
11 Nov 2025 01:08 pm
Published on:
11 Nov 2025 01:08 pm