Maharashtra Weather Update : मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के अधिकांश स्थानों पर रात से ही भारी बारिश हो रही है। इससे सड़कों और पटरियों पर जलभराव देखा जा रहा है। IMD ने मुंबई और आस-पास की जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मॉनसून ने रौद्र रूप दिखाया है। रात से ही मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवा और बिजली कड़क रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए अगले तीन घंटों तक रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी भी दी गई है।
कोकण क्षेत्र में तेज से बहुत तेज कंवेक्शन (convection) बन रहा है। जिसके चलते मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और आसपास के इलाकों में अगले 3 से 4 घंटों में मूसलाधार भारी बारिश होने की संभावना है। इसके चलते आईएमडी ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए आज सुबह साढ़े 11 बजे तक रेड अलर्ट, जबकि पालघर, पुणे, अहमदनगर, बीड और लातूर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मुंबई में आधी रात से ही तेज बारिश जारी है। दादर, माटुंगा, परेल समेत शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं और जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बेहद आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। साथ ही आपातकालीन मदद या जानकारी के लिए बीएमसी के कंट्रोल रूम नंबर 1916 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
दक्षिण मुंबई में आज मात्र 3-4 घंटों में 150 मिमी से ज्यादा बारिश हुई है। प्रभादेवी, वर्ली में महज तीन घंटों में 241 मिमी बारिश हुई। जबकि 3 घंटों में दादर में 261 मिमी, बांद्रा में 177 मिमी, सायन में 201 मिमी बारिश दर्ज हुई।
भारी बारिश का असर मुंबई लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ा है। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से मध्य, वेस्टर्न और हार्बर लाइन की लोकल ट्रेनें 5 से 15 मिनट की देरी से चल रही हैं। दफ्तर जाने वाले यात्रियों को इस कारण खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
इधर, मोनोरेल सेवा भी ठप हो गई। वडाला इलाके में चेंबूर की ओर जा रही मोनोरेल बीच रास्ते में बंद हो गई। जिससे सभी यात्री घबरा गए और तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण मोनोरेल ठप पड़ गई थी। उसमें सवार 17 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
लगातार हो रही बारिश से मुंबई और आसपास के जिलों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक मुंबई महानगर क्षेत्र में बारिश का जोर कायम रहने की संभावना जताई है।