Mumbai to Banaras Special Train: रेलवे ने मुंबई से बनारस के बीच कुल 42 अतिरिक्त समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, जिसमें एक खास टीचर्स स्पेशल ट्रेन (Teachers Special Announce) भी शामिल है।
LTT-Banaras Summer Special Trains: गर्मियों की छुट्टी में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे (Central Railway) ने मुंबई से बनारस के बीच 42 अतिरिक्त समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इनमें विशेष रूप से शिक्षकों के लिए 'टीचर्स स्पेशल' ट्रेनें भी शामिल हैं। इन ट्रेनों के चलने से उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और कंफर्म टिकट की संभावना भी बढ़ेगी।
रेलवे के अनुसार, मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से बनारस के बीच 40 बाय-वीकली स्पेशल सेवाएं चलाई जाएंगी।
ट्रेन संख्या 01073 हर बुधवार और गुरुवार को 7 मई से 15 जुलाई 2026 तक दोपहर 12:15 बजे एलटीटी से रवाना होगी और अगले दिन रात 11:30 बजे बनारस पहुंचेगी। (20 ट्रिप)
वहीँ, वापसी में ट्रेन संख्या 01074 हर शुक्रवार और शनिवार को 8 मई से 17 जुलाई 2026 तक सुबह 5:30 बजे बनारस से चलेगी और अगले दिन शाम 4:40 बजे मुंबई एलटीटी पहुंचेगी। गौर हो कि ट्रेन संख्या 01074 12 जून को नहीं चलेगी। (20 ट्रिप)
रेलवे ने शिक्षकों के लिए विशेष सुविधा देते हुए टीचर्स स्पेशल ट्रेन भी शुरू की है। ट्रेन संख्या 01125 6 मई 2026 को मुंबई एलटीटी से दोपहर 12:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 11:30 बजे बनारस पहुंचेगी। (1 ट्रिप)
वहीं वापसी में 12 जून को ट्रेन संख्या 01126 बनारस से सुबह 5:30 बजे चलेगी और अगले दिन शाम 4:40 बजे मुंबई एलटीटी पहुंचेगी। (1 ट्रिप)
इन सभी ट्रेनों का ठहराव ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, रानी कमलापति, बीना, झांसी, उरई, गोविंदपुरी, फतेहपुर और सुबेदारगंज जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा।
ट्रेन संख्या 01073/01074 और 01125/01126 की टिकट बुकिंग 15 अप्रैल से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, रेलवे की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणी के डिब्बों की व्यवस्था की है। इसमें एक एसी-2 टियर, 6 एसी-3 टियर, 9 स्लीपर क्लास और 4 जनरल कोच शामिल हैं, ताकि हर वर्ग के यात्री आसानी से सफर कर सकें।
गर्मियों के दौरान मुंबई से पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में इन अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और भीड़ का दबाव भी कम होगा। रेलवे के इस फैसले से खासकर मुंबई, ठाणे और आसपास के क्षेत्रों से बनारस और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।