मुंबई

अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज संभाजी पाटिल की सड़क हादसे में मौत, फॉर्च्यूनर के उड़े परखच्चे

Sambhaji Patil Death Car Accident: मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण हादसे में अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज संभाजी पाटिल की जान चली गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
2 min read
Feb 10, 2026
International shooter Sambhaji Patil accident
अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज संभाजी पाटिल का निधन (Photo: X)

मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज संभाजी पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा पालघर जिले के मनोर इलाके में हेरिटेज डेयरी के सामने सोमवार सुबह करीब दस बजे हुआ, जब गुजरात की ओर जा रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने आगे चल रहे भारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

मिली जानकारी के अनुसार, तेज गति के कारण फॉर्च्यूनर कार के चालक ने नियंत्रण खो दिया और सामने चल रहे वाहन से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में चालक की बगल वाली सीट पर बैठे संभाजी पाटिल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चालक यश चौधरी को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए मनोर के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह हादसा कार चालक द्वारा नियंत्रण खो देने के कारण हुआ। जिसके चलते पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि संभाजी पाटिल (27) अहमदाबाद प्रशिक्षण के लिए जा रहे थे। उनके असामयिक निधन से खेल जगत में शोक की लहर फैल गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके संभाजी पाटिल बालेवाडी खेल परिसर में खेल अधिकारी के रूप में कार्यरत थे।

संभाजी पाटिल ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कई अहम प्रतियोगिताओं में पदक अपने नाम किए थे। वर्ष 2018 में 53वीं ऑल इंडिया रेलवे शूटिंग प्रतियोगिता में 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में उन्होंने टीम गोल्ड मेडल जीता था। 2019 में 54वीं ऑल इंडिया रेलवे शूटिंग प्रतियोगिता में व्यक्तिगत 25 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा 2020 में पुणे में आयोजित मध्य रेलवे चैंपियनशिप में भी उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की थी।

पुलिस के अनुसार, संभाजी पाटिल मूल रूप से छत्रपति संभाजीनगर के निवासी थे। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा। इस हादसे में घायल प्रशांत चौधरी का भी नजदीकी अस्पताल में इलाज जारी है। एक होनहार खिलाड़ी के यूं अचानक चले जाने से खेल प्रेमियों और साथियों में गहरा दुख देखा जा रहा है।

Updated on:
10 Feb 2026 07:53 am
Published on:
10 Feb 2026 07:53 am