मुंबई

महाराष्‍ट्र: CM पद के लिए क्या नाराज है एकनाथ शिंदे? अचानक गांव हुए रवाना, बैठक भी रद्द

Eknath Shinde : महाराष्ट्र में शुक्रवार को होने वाली महायुति की अहम बैठक रद्द हो गई। कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज अचानक सतारा स्थित अपने गांव गए हैं।

2 min read
Nov 29, 2024
शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे (Photo: IANS)

Maharashtra CM : महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर महायुति में चल रही खींचतान के बीच राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शुक्रवार को अचानक अपने गांव सांगली चले गए। उधर, मुंबई में आज महायुति की अहम बैठक होनी थी वह भी रद्द कर दी गई। इन सब के बीच शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे की नाराजगी की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि शिवसेना नेता उदय सामंत ने इसका खंडन किया है।

शिवसेना नेता उदय सामंत ने कहा, "एकनाथ शिंदे की नाराजगी की खबर गलत है...हम आज सुबह 5 बजे तक एकनाथ शिंदे के साथ थे, कल वे सतारा से वापस आ जाएंगे... जैसा कि एकनाथ शिंदे ने कहा है कि महाराष्ट्र कैबिनेट को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा... मुझे नहीं पता कि संजय शिरसाट ने क्या कहा है, मैं उनसे बात करूंगा और फिर कुछ कहूंगा..."  

मोदी कैबिनेट में नहीं जाएंगे शिंदे- संजय शिरसाट

वहीँ, शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने दावा किया है कि शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा, अगर एकनाथ शिंदे उप-मुख्यमंत्री का पद स्वीकार नहीं करते हैं तो शिवसेना का कोई और नेता इसे स्वीकार करेगा। पूर्व सीएम शिंदे के महायुति की नई सरकार में उप-मुख्यमंत्री का पद लेने की संभावना नहीं है।

बता दें कि महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के राज्य की नई सरकार में उप-मुख्यमंत्री या केंद्र में मंत्री बनने की अटकलें लगाई जा रही हैं। सूत्रों का कहना है कि शिंदे ने बीजेपी नेतृत्व से मांग की है कि भले ही उन्हें मुख्यमंत्री न बनाया जाए लेकिन गृह मंत्रालय का प्रभार दिया जाए। हालांकि बीजेपी अपने पास मुख्यमंत्री के अलावा गृह मंत्रालय भी रखना चाहती है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला है। राज्य की 288 सीटों में से 230 सीटें सत्तारूढ़ महायुति की झोली में गई। महायुति में शामिल बीजेपी को 132 सीटें, शिवसेना को 57 और एनसीपी को 41 सीटें मिलीं। वहीँ, महाविकास आघाडी (एमवीए) के घटक दल शिवसेना (UBT) को 20, कांग्रेस ने 16 और एनसीपी (एसपी) ने केवल 10 सीट पर जीत हासिल की। हालांकि, अब तक महायुति ने नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला नहीं लिया है।

राज्य में सत्ता साझेदारी समझौते पर बातचीत के लिए महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अलावा बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस और एनसीपी प्रमुख अजित पवार गुरुवार रात दिल्ली गए थे। जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। शाह की तीनों नेताओं के साथ करीब तीन घंटे बैठक चली।

Also Read
View All

अगली खबर