मुंबई

केतन को अपनाया, पर प्रेमी को भूल न सकी सिया! हत्या के लिए इंटरनेट पर खोजे तरीके, कई बार किया रिहर्सल

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस जांच में कई बड़े खुलासे हुए हैं। सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर हत्या से पहले कई बार रिहर्सल की। इस बीच, आज सुबह सिया को लेकर पुलिस टीम लोहगढ़ किले पहुंची और क्राइम सीन रीक्रिएशन किया।
3 min read
Jun 28, 2026
Ketan Agrawal murder case Pune
केतन अग्रवाल की हत्या से पहले सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कई बार की थी रिहर्सल (Photo: X/@venom1s/IANS)

Siya Goyal Confession: पुणे के 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, मुख्य आरोपी सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने हत्या को अंजाम देने से पहले कई बार इसकी रिहर्सल की थी। दोनों ने 18 जून को लोहगढ़ किले से केतन अग्रवाल को गहरी खाई में धक्का देकर कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी थी। इस बीच, आज सुबह सिया को लेकर पुलिस टीम लोहगढ़ किले पहुंची और डमी के साथ सीन रीक्रिएट कर पूरी घटना समझी गई। इस बीच, पुणे ग्रामीण पुलिस के एसपी संदीप सिंह गिल ने कहा, सिया के साथ क्राइम सीन रिक्रिएट किया गया है। उसने बताया कि घटना कैसे हुई थी। वह जांच में सहयोग कर रही है।

दिवाली पार्टी में हुई थी पहली मुलाकात

पुलिस जांच के मुताबिक, सिया गोयल और चेतन चौधरी की पहली मुलाकात पिछले साल अक्टूबर में एक दिवाली पार्टी में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गए। इसी दौरान परिवार के परिचितों के जरिए अमेरिका से पढ़ाई पूरी कर लौटे केतन अग्रवाल का रिश्ता सिया के पास आया।

शुरुआत में सिया ने इस रिश्ते के लिए सहमति जताई, लेकिन बाद में वह शादी को लेकर असमंजस में पड़ गई और उसने फिर से चेतन से संपर्क बढ़ा लिया। पुलिस के अनुसार, सिया ने अपने भाई से भी इस बारे में बात की थी, लेकिन फरवरी में सगाई हो जाने के बाद उसे इससे निकलने का कोई रास्ता नहीं दिखा।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी परिवार और समाज के दबाव के कारण तय हुई शादी को तोड़ नहीं पा रहे थे। इसी वजह से उन्होंने हत्या की साजिश रची और इसे हादसा दिखाने की योजना बनाई।

मई में 'खूनी प्लान' किया फाइनल

जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने इंटरनेट पर हत्या करने और उसे दुर्घटना जैसा दिखाने के तरीकों की जानकारी जुटाई थी। पुलिस के अनुसार, मई के अंत तक दोनों ने पूरी साजिश तैयार कर ली थी। फिलहाल जांच एजेंसी दोनों के मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड की भी गहन जांच कर रही है।

14 जून को पहली कोशिश हुई थी नाकाम

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि 14 जून को केतन अग्रवाल की हत्या की पहली कोशिश की गई थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। इसके बाद दोनों ने योजना में बदलाव किया और तय किया कि अगली बार चेतन चौधरी खुद घटनास्थल पर मौजूद रहेगा। इसके बाद 18 जून को कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस को यह भी संदेह है कि लोहगढ़ किले पर जाने से पहले सिया का व्यवहार असामान्य था। जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं।

सिया के माता-पिता से 12 घंटे पूछताछ

मामले की जांच के दौरान लोनावला ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल और मां पूजा गोयल से करीब 12 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान उसका भाई साहिल गोयल भी पुलिस स्टेशन में मौजूद रहा। पूछताछ का मुख्य फोकस शादी के लिए किसी तरह के दबाव और सिया के प्रेम संबंधों पर रहा।

इससे पहले शुक्रवार को साहिल गोयल से भी करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गई थी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।

लोहगढ़ किले पर सिया को ले जाया गया

आरोपियों के कथित कबूलनामे के बाद पुलिस ने सबूतों को और मजबूत करने के लिए रविवार सुबह लोहगढ़ किले पर क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया। सुरक्षा कारणों से इस दौरान किले का मुख्य प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद रखा गया और किसी भी पर्यटक को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

डीएसपी गजानन टोम्पे ने बताया कि सिया द्वारा बताए गए घटनाक्रम के आधार पर पूरे घटनास्थल का दोबारा परीक्षण किया गया। इसके लिए पुलिस ने केतन अग्रवाल के बराबर वजन वाली एक डमी का इस्तेमाल किया, ताकि यह समझा जा सके कि वारदात किस तरह अंजाम दी गई थी।

चेतन की बाइक, हुडी और हेडफोन जब्त

लोनावला ग्रामीण पुलिस ने चेतन चौधरी की उस बाइक को जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल वह पुणे से लोहगढ़ किले तक जाने के लिए करता था। इसके अलावा घटना वाले दिन पहनी गई उसकी हुडी और हेडफोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने बाइक, कपड़ों और अन्य सामान को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही डिजिटल साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और अन्य तकनीकी सबूतों की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।

Published on:
28 Jun 2026 04:50 pm