
Siya Goyal: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में गिरफ्तार केतन की मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) को लेकर अब एक नया दावा सामने आया है। जिस कैब से सिया और केतन प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली जाने के लिए मुंबई एयरपोर्ट आये थे, उसके चालक ने बेहद चौंकाने वाले खुलासे किये है।
ड्राइवर वैभव जाधव के मुताबिक, बाली रवाना होने से पहले ही सिया का व्यवहार सामान्य नहीं था। वह बाली जाने के लिए तैयार नहीं थी और कार में बैठने से भी इनकार कर रही थी। इतना ही नहीं, फूड कोर्ट पर उसने कथित तौर पर केतन का पासपोर्ट भी अपने पास रख लिया था। जिस वजह से आखिरकार यह ट्रिप रद्द करनी पड़ी।
कैब चालक वैभव जाधव ने बताया कि प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली जाने के लिए पुणे से कार बुक की गई थी। जब सिया को एयरपोर्ट के लिए निकलना था, तब वह कार में बैठने को तैयार नहीं थी। आखिरकार उसके भाई साहिल ने उसका हाथ पकड़कर जबरदस्ती कार में बैठाया।
वैभव के अनुसार, पुणे से रावेत (पिंपरी-चिंचवड़) तक पूरे रास्ते सिया और उसके भाई के बीच लगातार बहस होती रही। इससे उसे महसूस हुआ कि सिया इस यात्रा को लेकर सहज नहीं थी।
ड्राइवर ने बताया कि बाद में उसने किवळे लोढ़ा इलाके से केतन अग्रवाल और उनके परिवार के कुछ सदस्यों को लेकर मुंबई एयरपोर्ट के लिए यात्रा शुरू की। रास्ते में सभी लोग एक फूड कोर्ट पर चाय-नाश्ते के लिए रुके।
इसी दौरान सिया किसी बहाने से वापस कार के पास आई और कार से कुछ सामान निकालकर अपनी जेब में रख लिया। ड्राइवर ने इस घटना को नोटिस किया, लेकिन उस समय उसे इसकी अहमियत समझ में नहीं आई।
कुछ समय बाद जब सभी मुंबई एयरपोर्ट पहुंच गए, तब केतन का फोन आया कि उसका एक जरूरी सामान कार में रह गया है। उसने बताया कि उसका पासपोर्ट नहीं मिल रहा है। जांच में अब यह बात सामने आई है कि फूड कोर्ट पर सिया ने कथित तौर पर केतन का पासपोर्ट अपने पास रख लिया था।
रविवार को पुणे ग्रामीण पुलिस सिया गोयल को लोहागढ़ किले लेकर पहुंची, जहां कथित तौर पर 18 जून को केतन अग्रवाल की हत्या हुई थी। पुलिस ने घटनास्थल पर सिया से पूरे घटनाक्रम का सीन रीक्रिएशन कराया। इसके लिए पुलिस ने केतन अग्रवाल के बराबर वजन वाली एक डमी का इस्तेमाल किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह जांचने की कोशिश की गई कि केतन को किस स्थान से और किस तरह कथित तौर पर धक्का दिया गया। चेतन चौधरी को भी अलग से घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम दोहराया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय सिया गोयल और 22 वर्षीय चेतन चौधरी पर आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी।
जांच के दौरान सिया ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। उसे डर था कि शादी तोड़ने से परिवार की बदनामी होगी। इसी वजह से उसने चेतन चौधरी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
जांच एजेंसियां इस मामले में साजिश की पूरी प्लानिंग, हत्या से पहले और बाद में आरोपियों की गतिविधियां, डिजिटल सबूत, मोबाइल रिकॉर्ड और हत्या के मकसद की गहन जांच कर रही हैं।
आज सिया गोयल और चेतन चौधरी की पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस आगे की रिमांड की मांग कर सकती है।