मुंबई

कोई पछतावा नहीं, माफी नहीं मागूंगा- शिंदे के ‘गद्दार’ वाले गाने पर कुणाल कामरा ने दिखाये तेवर

Kunal Kamra on Eknath Shinde: स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने कहा है कि वह उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ गाये गए गाने को लेकर माफी नहीं मांगेंगे। उन्हें कोई पछतावा नहीं है। कामरा महाराष्ट्र विधानमंडल की समिति के सामने समक्ष पेश हुए थे।

2 min read
Apr 10, 2026
एकनाथ शिंदे और कुणाल कामरा (Photo: X/IANS)

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए उन पर गाये गए विवादित गाने के लिए स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा (37) ने माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया है। कामरा गुरुवार को महाराष्ट्र विधान परिषद की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश हुए थे। इस दौरान कामरा ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है और सिर्फ दिखावे के लिए माफी नहीं मागेंगे।

विशेषाधिकार समिति के सदस्य व बीजेपी एमएलसी प्रसाद लाड ने कहा, "कुणाल कामरा मामले की तीसरी या चौथी सुनवाई थी। हमने उनका बयान दर्ज किया है। इस मामले में प्रवीण दरेकर ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।" उन्होंने बताया कि कामरा को जिरह (क्रॉस-एग्जामिनेशन) के लिए बुलाया गया था। कुणाल कामरा और प्रवीण दरेकर दोनों से आमने-सामने सवाल-जवाब किए गए। कुणाल कामरा से कुल 24 सवाल पूछे गए, जिनमें उन्होंने अपनी बात रखते हुए अपनी गलतियों को समझाने की कोशिश की। साथ ही उन्होंने संविधान के अधिकारों और विशेषाधिकार समिति के अधिकारों को लेकर भी सवाल उठाने की कोशिश की। उन्होंने सारे सवालों का जवाब दिया। वह इस मामले में माफी मांगेगा या नहीं, यह उनके वकील बाद में बताएंगे।

ये भी पढ़ें

कुणाल कामरा की बढ़ी मुश्किलें, पुलिस ने भेजा समन, एकनाथ शिंदे बोले- कुछ मर्यादा होती है, सुपारी लेकर…

इसके बाद कुणाल कामरा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह अपनी टिप्पणी पर कायम हैं और महज दिखावटी माफी नहीं मांगेंगे। स्टैंडअप कॉमेडियन ने 'एक्स' पर लिखा, “आज (गुरुवार) शाम मुझसे हुई जिरह के आखिरी तीन सवाल मुझे इस तरह याद हैं- क्या आपको पछतावा है? नहीं। क्या आपको अपने कहे पर खेद है? नहीं। अगर आप बिना शर्त माफी मांगते हैं, तो इस मामले को अलग नजरिये से देखा जाएगा- नहीं, मैं ऐसा नहीं कर सकता, क्योंकि माफी सच्ची नहीं होगी और यह अन्य कलाकारों एवं उनकी स्वतंत्रता के लिए एक गलत मिसाल कायम करेगी।”

बता दें कि कुणाल कामरा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस जारी होने के बाद उनके खिलाफ शिकायत की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया था। जिसके बाद वह गुरुवार को अपने वकील के साथ समिति के सामने पेश हुए थे।

पिछले साल कुणाल कामरा ने एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे पर व्यंग्य करते हुए उन्हें गद्दार कहा और एक गाना गाया। इसके बाद शिवसेना कार्यकर्ता भड़क गए और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिवसैनिकों ने कुणाल कामरा के हैबिटेट कॉमेडी क्लब में भी तोड़फोड़ की थी। शिंदे समर्थकों ने कामरा को धमकी दी है कि अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसके बाद कामरा कई महीनों तक मुंबई नहीं लौटे।

गिरफ्तारी पर लगी है रोक

मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में कुणाल कामरा के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। इसमें कई मामले विभिन्न स्थानों पर दर्सेज कराये गए थे, जो खार पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर किए गए थे। कामरा के खिलाफ मुंबई, ठाणे, नासिक, बुलढाणा सहित कई जिलों में एफआईआर दर्ज की गई थी। हालांकि कॉमेडियन को पिछले साल बॉम्बे हाई कोर्ट से राहत मिली थी। अदालत ने कामरा की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी।

Updated on:
10 Apr 2026 09:18 am
Published on:
10 Apr 2026 08:56 am
Also Read
View All