List of Candidates in Maharashtra Elections : महाराष्ट्र विधानसभा की कुल 288 सीटों पर 4,140 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। जिनकी किस्मत का फैसला 20 नवंबर को 9.7 करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे।
Maharashtra Elections 2024 Contesting Candidates Name Constituency Party : महाराष्ट्र की 288 सीटों के लिए 20 नवंबर को एक ही चरण में मतदान होगा और नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। राज्य की 288 सीटों पर कुल 4,140 उम्मीदवार मैदान में हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, चुनावी अखाड़े में उतरने वाले कुल उम्मीदवारों का आंकड़ा 2019 विधानसभा चुनाव लड़ने वाले 3,239 उम्मीदवारों से 28 फीसदी अधिक है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र के नांदेड उत्तर निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 33 उम्मीदवार मैदान पर हैं, जबकि नंदुरबार जिले की शहादा सीट पर सबसे कम तीन उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। मुंबई और उपनगर की 36 सीटों पर कुल 420 प्रत्याशी है। मुंबई शहर की 10 सीटों पर 105 उम्मीदवार और मुंबई उपनगर के 26 विधानसभा क्षेत्रों में 315 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में 9 करोड़ 70 लाख 25 हजार 119 मतदाता हैं, जिनमें 5 करोड़ 22 हजार 739 पुरुष और 4 करोड़ 49 लाख 96 हजार 279 महिलाएं शामिल हैं। जबकि 22,22,704 मतदाता 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग के हैं। वहीँ, 12.43 लाख वोटरों की उम्र 85 साल से अधिक है। इसके साथ ही ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 6,101 है। राज्यभर में 6.41 लाख दिव्यांग और 1.16 लाख सर्विस वोटर भी हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए राज्यभर में 1 लाख 186 मतदान केंद्रों के लिए 2 लाख 21 हजार 600 बैलेट यूनिट और 1 लाख 21 हजार 886 कंट्रोल यूनिट तथा 1 लाख 32 हजार 094 वीवीपैट इस्तेमाल होंगे।