मुंबई

महाराष्ट्र की 29 महानगर पालिकाओं के परिणाम आज, बीएमसी पर टिकी सबकी नजरें

महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 के लिए मतगणना आज सुबह 10 बजे से शुरू होगी। राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के कुल 893 वार्डों की 2,869 सीटों के नतीजे दोपहर तक काफी हद तक स्पष्ट होने की उम्मीद है।

2 min read
Jan 16, 2026
महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के नतीजे आज (Patrika Photo)

Maharashtra Municipal Corporation Election Result 2026:महाराष्ट्र की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के लिए कल (15 जनवरी) हुए मतदान के बाद आज महा-फैसले की घड़ी आ गई है। शुक्रवार सुबह 10 बजे से मतों की गिनती शुरू हो जाएगी, जिससे स्पष्ट हो जाएगा कि किस शहर में किसका महापौर बनेगा। राज्य भर के कुल 893 वार्डों की 2,869 सीटों पर हुए इस मतदान के नतीजे दोपहर तक काफी हद तक स्पष्ट होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें

मुंबई में ठाकरे, तो पुणे में पवार… भाजपा के आगे नहीं चला किसी का जादू, एग्जिट पोल में खिल रहा कमल

मुंबई की BMC पर सबकी नजरें

देश की सबसे अमीर नगर निगम बीएमसी (BMC) के नतीजों पर न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश की निगाहें हैं। यहां मुकाबला बेहद दिलचस्प है। एक तरफ ठाकरे बंधु उद्धव और राज ठाकरे एकजुट होकर अपनी साख बचाने की कोशिश कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ भाजपा-शिंदे सेना की जोड़ी उन्हें सत्ता से बेदखल करने के लिए पूरी ताकत झोंक चुकी है।

BMC चुनाव में 1700 प्रत्याशी

महाराष्ट्र के निकाय चुनावों के तहत आज राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे। इन परिणामों में सबसे अधिक चर्चा मुंबई नगर निगम (BMC) की है, जहां 227 सीटों के लिए लगभग 1,700 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

मुंबई के अलावा पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे (162 सीटें), पिंपरी-चिंचवड (128 सीटें), सांगली-मिरज-कुपवाड (78 सीटें), सोलापुर (113 सीटें), कोल्हापुर (92 सीटें) और इचलकरंजी (76 सीटें) के परिणामों पर भी सबकी नजरें टिकी हैं। वहीं उत्तर महाराष्ट्र में नासिक (122 सीटें), धुले (74 सीटें), जलगांव (75 सीटें), अहमदनगर (68 सीटें) और मालेगांव (84 सीटें) के नतीजे राज्य की राजनीति की नई दिशा तय करेंगे।

मराठवाड़ा क्षेत्र में छत्रपति संभाजीनगर (113 सीटें), नांदेड़-वाघाळा (81 सीटें), लातूर (70 सीटें), परभणी (65 सीटें) और जालना (65 सीटें) के चुनाव परिणाम स्थानीय शक्ति संतुलन को प्रभावित करेंगे। विदर्भ से नागपुर (151 सीटें), अकोला (80 सीटें), अमरावती (87 सीटें) और चंद्रपुर (66 सीटें) जैसी महत्वपूर्ण महानगरपालिकाओं के परिणाम आने वाले हैं। कोंकण और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में ठाणे (131 सीटें), नवी मुंबई (111 सीटें), कल्याण-डोंबिवली (122 सीटें), वसई-विरार (115 सीटें), मीरा-भाईंदर (96 सीटें), उल्हासनगर (78 सीटें), भिवंडी-निजामपुर (90 सीटें) और पनवेल (78 सीटें) की मतगणना आज सुबह 10 बजे से शुरू होगी।

कहां कितनी हुई वोटिंग?

गुरुवार को हुए मतदान में मतदाताओं में मिला-जुला उत्साह देखने को मिला। राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस बार का औसत मतदान लगभग 46% से 50% के बीच रहा, जो 2017 के चुनावों की तुलना में थोड़ा अधिक है। परभणी में सबसे अधिक 65.99% मतदान हुआ, जबकि नागपुर, पुणे में मतदाताओं में उत्साह कुछ कम रहा। परभणी के बाद जालना में 61.16%, पिंपरी-चिंचवड में 57.71%, और नवी मुंबई व नासिक दोनों शहरों में 57% मतदान हुआ। अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो ठाणे में 56%, छत्रपति संभाजीनगर में 59.82% और लातूर में 60.07% वोटिंग हुई।

74 हजार करोड़ रुपये बजट वाले बीएमसी (BMC) में मतदान का आंकड़ा 52.87% रहा, जबकि पुणे में 52.42% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नागपुर में शुरुआती घंटों में सुस्त शुरुआत के बाद दोपहर तक मतदान में तेजी आई, हालांकि यहां 51% मतदान हुआ।

Published on:
16 Jan 2026 09:17 am
Also Read
View All

अगली खबर