Maharashtra Election : हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने कहा था कि महाराष्ट्र चुनाव 26 नवंबर से पहले खत्म हो जाएंगे।
Maharashtra assembly elections 2024 schedule : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के विधानसभा चुनाव नतीजे घोषित होते ही महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की घोषणा होगी। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए नवंबर के मध्य में चुनाव होने की प्रबल संभावना है।
महाराष्ट्र चुनाव की घोषणा करने के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग 10 अक्टूबर को दोपहर में नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकता है। चुनाव की घोषणा होते ही राज्य में आचार संहिता लागू हो जाएगा। जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 तारीख को घोषित किए जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि इसके बाद चुनाव आयोग महाराष्ट्र और झारखंड के चुनावों को एक साथ करवाएगा।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए सियासी रण सज चुका है। सभी राजनीतिक दल तैयारियों में जुटे हैं। सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाडी (MVA) में सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत अंतिम चरण में है। वहीँ, इच्छुक उम्मीदवारों ने भी कमर कस ली है और दलबदल का खेल भी शुरू हो गया है।
महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आकलन करने के लिए पिछले महीने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार सहित चुनाव आयोग की टीम मुंबई पहुंची। इस दौरान 14 सदस्यीय केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम ने राज्य के राजनीतिक दलों से चर्चा की और साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और अन्य मामलों की भी समीक्षा की।
राज्य में समीक्षा बैठक करने के बाद आमतौर पर आठ से दस दिनों के भीतर चुनावों की घोषणा कर दी जाती है। केंद्रीय चुनाव आयोग की मुंबई में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी ऐसे संकेत दिए गए। लेकिन महाराष्ट्र में चुनाव कब होंगे इसका सीधा जवाब देने के बजाय मुख्य चुनाव आयुक्त ने इसे टाल दिया।
सीईसी राजीव कुमार ने शनिवार (28 सितंबर) को कहा कि महाराष्ट्र में चुनाव 26 नवंबर से पहले हो जाएंगे। इस दौरान उन्होंने कहा, हम महाराष्ट्र में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिए यहां आए हैं। हमने राष्ट्रीय दलों और क्षेत्रीय दलों के नेताओं से मुलाकात की। हमने हितधारकों, डीएम, पुलिस आयुक्त, डीजीपी से मुलाकात की...हमने बसपा, आप, सीपीआई (एम), कांग्रेस, मनसे, एनसीपी, सपा, शिवसेना (UBT), शिवसेना सहित कुल 11 दलों के नेताओं से मुलाकात की...उन्होंने हमें चुनाव की तारीखों की घोषणा करने से पहले दिवाली, देव दिवाली और छठ पूजा जैसे त्योहारों पर विचार करने के लिए कहा है।"
पिछले कुछ दिनों से राज्य कैबिनेट की बैठकों में मेगा फैसलों की झड़ी लग गई है, जिससे इस बात को बल मिल रहा है कि राज्य में जल्द ही आदर्श आचार संहिता लगने वाला है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ ही 10 अक्टूबर को झारखंड विधानसभा चुनाव की भी घोषणा की जा सकती है।
गौरतलब हो कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है। 2019 में महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए 21 अक्टूबर 2019 को एक ही चरण में मतदान हुआ और वोटों की गिनती 24 अक्टूबर को हुई।