मुंबई

एकनाथ शिंदे को दोबारा CM बनाने की मांग पर महायुति में ठनी, भाजपा नेता बोले- फडणवीस विकास पुरुष, वह तय करेंगे

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद को लेकर सत्तारूढ़ महायुति में बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाने की बात कह रही है, जबकि भाजपा ने देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में ही आगे बढ़ने का संकेत दिया है।
2 min read
• •
Oct 21, 2026
Maharashtra Pune MLC election tension
देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे (Photo: IANS)

Devendra Fadnavis Vs Eknath Shinde CM face: महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद को लेकर महायुति के भीतर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के नेताओं ने अगली बार एकनाथ शिंदे को ही मुख्यमंत्री बनाने की खुलकर मांग की है। पहले विधायक किशोर दराडे, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक और अब जल आपूर्ति मंत्री गुलाबराव पाटील के बयानों के बाद राज्य की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। वहीं, भाजपा (BJP) ने साफ संकेत दिया है कि मुख्यमंत्री का फैसला चुनाव में विधायकों की संख्या और राजनीतिक परिस्थितियों के आधार पर होगा। भाजपा नेताओं ने देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में अगला चुनाव लड़ने की बात भी कही है।

दशहरा रैली में शिंदे को फिर CM बनाने का ऐलान

मंगलवार को दशहरा रैली के दौरान एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना के नेताओं ने उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा जाहिर की। किशोर दराडे, प्रताप सरनाईक और गुलाबराव पाटील के बयानों से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि पार्टी आगामी चुनावों के बाद शिंदे को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखना चाहती है।

इन बयानों के बाद महाराष्ट्र में महायुति के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, गठबंधन में मुख्यमंत्री पद के अगले दावेदार को लेकर कोई फैसला सामने नहीं आया है, क्योंकि राज्य में अगला विधानसभा चुनाव 2029 में हो सकता है।

भाजपा ने कहा- संख्याबल से तय होता है मुख्यमंत्री

शिवसेना नेताओं के बयानों पर भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर राजनीतिक दल के कार्यकर्ता चाहते हैं कि उनकी पार्टी का नेता मुख्यमंत्री बने। लोकतंत्र में सभी को अपनी इच्छा जाहिर करने का अधिकार है, लेकिन मुख्यमंत्री बनने के लिए विधानसभा में पर्याप्त विधायकों का समर्थन जरूरी होता है।

नवनाथ बन ने स्पष्ट किया कि संख्याबल ही यह तय करता है कि मुख्यमंत्री कौन होगा। वर्तमान में बीजेपी के पास 137 विधायक हैं और इसीलिए देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए अक्सर ऐसे बयान दिए जाते हैं।

अगला मुख्यमंत्री फडणवीस तय करेंगे- परिणय फुके

भाजपा विधायक परिणय फुके ने भी मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही बयानबाजी पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हर पार्टी चाहती है कि उसका नेता मुख्यमंत्री बने और इसमें कुछ गलत नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एक 'विकास पुरुष' हैं, जिनका हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य रहा है।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "अगली विधानसभा चुनाव देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में ही लड़ी जाएगी और हम 250 पार सीटों का लक्ष्य हासिल करेंगे। अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह तब देवेंद्र फडणवीस तय करेंगे।"

रामदास आठवले ने शिवसेना के लिए कही बड़ी बात

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने भी एकनाथ शिंदे को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने की मांग पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शिंदे के समर्थक चाहते हैं कि वह फिर मुख्यमंत्री बनें, लेकिन इसके लिए शिवसेना को भाजपा से ज्यादा सीटें जीतनी होंगी। शिंदे का ढाई वर्षों का कार्यकाल अच्छा था, कई बड़े फैसले लिए गए थे, लेकिन उसमें तत्कालीन उपमुख्यमंत्री फडणवीस का भी योगदान था। आरपीआई प्रमुख ने कहा कि अगर शिंदे को फिर मुख्यमंत्री बनना है तो भाजपा से ज्यादा सीटें जितनी ही पड़ेगी।

Updated on:
21 Oct 2026 05:32 pm
Published on:
21 Oct 2026 05:30 pm