मुंबई

महाराष्ट्र: हल्दी समारोह में खूनी झड़प, दुल्हन पक्ष के 3 लोगों की हत्या, 3 गंभीर रूप से घायल

बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया पर हुए विवाद के कारण दूल्हे पक्ष ने वधू पक्ष पर हमला कर दिया, जिसमें 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 min read
Feb 20, 2026
महाराष्ट्र में 'हल्दी' के दौरान ट्रिपल मर्डर (AI Image)

महाराष्ट्र के धुले जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विवाह समारोह के दौरान खूनी संघर्ष छिड़ गया। पिंपलनेर के नीलकंठ नगर इलाके में हुए इस विवाद में दुल्हन पक्ष के तीन लोगों की हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

ये भी पढ़ें

‘जहीर से मैं प्यार करती हूं…’ वैष्णवी के अपहरण मामले में नया मोड़, दो विधायकों का बड़ा आरोप

हल्दी के दौरान भड़का विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को हल्दी की रस्म चल रही थी और शुक्रवार को विवाह होना तय था। गुरुवार दोपहर के समय मामूली बात को लेकर दूल्हे और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दूल्हे पक्ष के कुछ लोगों ने दुल्हन पक्ष पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि साक्री और सोनगड से आए कुछ रिश्तेदारों के बीच पहले से ही मनमुटाव था। सगाई की तैयारियों के दौरान व्हॉट्सऐप पर आपत्तिजनक संदेश और वीडियो साझा किए जाने से तनाव और बढ़ गया था। इसी रंजिश के चलते शादी स्थल पर अचानक धारदार हथियार से हमला किया गया।

दुल्हन पक्ष के तीन लोगों की मौत

हमले में देवेंद्र ज्ञानेश्वर पवार (35), सुरेश मोजगीर गोसावी (55) और साहिल सुरेश गोसावी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पंकज गिर, सुरेश सुपडूगिर और सागर गोसावी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत पास के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

इलाके में भारी तनाव, पुलिस बल तैनात

चश्मदीदों के अनुसार, हमला इतना अचानक और भीषण था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और शादी स्थल देखते ही देखते रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। घटना की जांच पिंपलनेर पुलिस कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक पारिवारिक समारोह में हुई इस हिंसक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और कई परिवारों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की वजह क्या थी और हमले के पीछे कोई गहरी साजिश तो नहीं थी।

Published on:
20 Feb 2026 12:14 pm
Also Read
View All

अगली खबर