मुंबई

मुंबई के 94 साल पुराने ‘कैफे मोंडेगर’ पर तुकाराम मुंढे की FDA ने कसा शिकंजा; 6 बड़े प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड

Tukaram Mundhe FDA action: महाराष्ट्र एफडीए ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर मशहूर और ऐतिहासिक 'कैफे मोंडेगर' समेत छह खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड किए हैं। जांच में भोजन के तापमान, स्टोरेज, सफाई और ड्रेनेज से जुड़ी कमियां मिलीं।
2 min read
Sep 16, 2026
Cafe Mondegar Colaba action
आईएएस तुकाराम मुंडे की टीम का 'कैफे मोंडेगर' पर एक्शन (Photo: Patrika/IANS)

Maharashtra FDA Action: आईएएस तुकाराम मुंढे की अगुवाई में महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने त्योहारी सीजन के बीच बड़ी कार्रवाई की है। एफडीए ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के मामले में छह खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इनमें मुंबई के कोलाबा स्थित मशहूर 'कैफे मोंडेगर' (Cafe Mondegar) भी शामिल है। FDA की जांच में इस 94 साल पुराने कैफे में भोजन के तापमान, स्टोरेज, साफ-सफाई और ड्रेनेज से जुड़ी कई गंभीर कमियां सामने आईं।

1932 से मुंबई की पहचान रहा है कैफे मोंडेगर

दक्षिण मुंबई के कोलाबा में स्थित कैफे मोंडेगर शहर के पुराने और चर्चित कैफे में शामिल है। इसकी शुरुआत 1932 में हुई थी। कैफे अपनी पुरानी शैली, खास माहौल और दीवारों पर बने मशहूर कार्टूनिस्ट मारियो मिरांडा के म्यूरल्स के लिए जाना जाता है।

एफडीए ने 12 सितंबर को यहां निरीक्षण किया था। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से संबंधित कई गंभीर कमियां मिलीं।

गर्म खाना 60 डिग्री से कम तापमान पर मिला

एफडीए अधिकारियों के मुताबिक, कैफे मोंडेगर में गर्म भोजन को निर्धारित 60 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान पर नहीं रखा जा रहा था। वहीं, कोल्ड स्टोरेज का तापमान निर्धारित 5 डिग्री सेल्सियस से कम नहीं पाया गया।

जांच में खाद्य पदार्थों को सही तरीके से डीफ्रॉस्ट नहीं करने और पके हुए भोजन को तेजी से ठंडा करने की प्रक्रिया का पालन नहीं करने जैसी कमियां भी सामने आईं।

इसके अलावा, खाद्य पदार्थ तैयार करने वाली जगह के पास फर्श में नमी और क्षति पाई गई। ड्रेनेज की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं थी, जिससे भोजन के संपर्क में गंदा पानी आने और क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा पैदा हो सकता था। खाद्य पदार्थ तैयार करने और रखने वाले उपकरणों की सफाई और सैनिटाइजेशन भी निर्धारित तरीके से नहीं किया जा रहा था।

इन प्रतिष्ठानों पर भी गिरी गाज

FDA ने मुंबई में कैफे मोंडेगर के अलावा महाराष्ट्र बिरयानी सेंटर (कांदिवली पूर्व), त्रिभुवन डेयरी फार्म (घाटकोपर पश्चिम), महावीर काजू एंड फूड्स (घाटकोपर पूर्व) के लाइसेंस भी निलंबित किए हैं। इन प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान स्वच्छता और सैनिटेशन नियमों के उल्लंघन पाए गए। इसी तरह पुणे डिवीजन में होटल मल्हार वाडा (कोल्हापुर) और पूरमचंद एंड संस (मार्केट यार्ड, पुणे) पर भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई।

त्योहारी सीजन में FDA का विशेष अभियान

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन की यह कार्रवाई त्योहारी सीजन में चलाए जा रहे विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान का हिस्सा है। विभाग ने इस दौरान रेस्टोरेंट, डेयरी, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण तेज किया है। हालिया अभियान में राज्यभर में बड़ी मात्रा में दूध से बने उत्पाद और मिठाइयां भी जब्त की गई हैं। एफडीए के मुताबिक, 11 से 14 सितंबर के बीच राज्यव्यापी कार्रवाई में 4 हजार किलो से ज्यादा दूध उत्पाद और मिठाइयां जब्त की गई।

FDA कमिश्नर ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने कहा है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। खास तौर पर मिलावटी या मियाद खत्म हो चुके खाद्य पदार्थों की बिक्री और भंडारण को लेकर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

Updated on:
16 Sept 2026 02:53 pm
Published on:
16 Sept 2026 02:52 pm
Also Read
View All
Vvaan Trailer: ‘वीवन’ का ट्रेलर रिलीज होते ही फैंस ने लगाया ब्लॉकबस्टर था ठप्पा, सिद्धार्थ-तमन्ना की कैमिस्ट्री की भी हुई तारीफ

‘सिर्फ सलाइन के सहारे मुंबई नहीं जा सकते’, बिगड़ती हालत के बीच डॉक्टरों ने मनोज जरांगे को अस्पताल में भर्ती होने की दी सलाह

‘मंत्रियों के जानवर भी ऐसी जगह न रहें’: महाराष्ट्र के आश्रम स्कूलों की बदहाली पर बरसे अभिजीत दीपके, नए अभियान का ऐलान

‘यश सिर्फ खुद पर विश्वास करते हैं’, ‘टॉक्सिक’ के फ्लॉप होने पर आया अक्षय ओबेरॉय का रिएक्शन

“म्यूजिक का SRK हूं, पर गुस्सा सलमान-संजय दत्त जैसा”, क्रेडिट विवाद में परिवार घसीटने पर भड़के अमाल मलिक