मुंबई

नासिक में दही के साथ मटन खाने के बाद पति-पत्नी की तबीयत बिगड़ी, फूड पॉइजनिंग से एक की मौत, दूसरा गंभीर

Maharashtra food poisoning case: महाराष्ट्र के नासिक जिले में मटन के बाद दही खाने से कथित फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। 68 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति की हालत गंभीर है। पुलिस ने जांच के लिए खाने के नमूने लैब भेजे हैं।
2 min read
Jun 29, 2026
Maharashtra Mutton and curd death
मटन खाने के बाद दही खाना पड़ा भारी! बुजुर्ग महिला की मौत, पति ICU में (Photo: IANS/File)

Food Poisoning Case: महाराष्ट्र के नासिक (Nashik) जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बागलान तालुका के आखतवाडे गांव में मटन खाने के बाद बुजुर्ग किसान दंपती की अचानक तबियत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि दोनों ने मटन खाने के बाद दही भी खाई थी। जिसके कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान 68 वर्षीय द्वारकाबाई की मौत हो गई। वहीं उनके 78 वर्षीय पति शांताराम की हालत गंभीर बनी हुई है। शांताराम का इलाज मालेगांव के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम

मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार रात दंपती ने घर पर मटन बनाया था। जिसे खाने के बाद उन्होंने दही भी खाया। कुछ ही देर में दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद द्वारकाबाई की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं शांताराम की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

'फूड पॉइजनिंग' की आशंका

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दंपती की तबीयत मटन खाने से बिगड़ी या दही खाने से या किसी अन्य कारण से फूड पॉइजनिंग हुई।

बताया जा रहा है कि भोजन खराब हो जाए या उसमें बैक्टीरिया पनप जाएं, तो फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है। लेकिन केवल मटन और दही साथ खाने को इस घटना का कारण मानना अभी सही नहीं है। वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

खाने के नमूने जांच के लिए पुणे भेजे गए

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के तहत उस रात खाए गए भोजन के नमूने एकत्र किए गए हैं। इन नमूनों को रासायनिक विश्लेषण के लिए पुणे स्थित लैब भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का सही कारण पता चलेगा। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
29 Jun 2026 06:28 pm
Published on:
29 Jun 2026 05:47 pm