
(मुंबई): महाराष्ट्र की देवेंद्र फडनवीस सरकार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। राज्य भर में अभी मराठा आंदोलन की आग शांत भी नहीं हो पाई कि मंगलवार से राज्य के कर्मचारियों ने हड़ताल कर सरकार की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। तीन दिन की हड़ताल कर रहे महाराष्ट्र के 17 लाख कर्मचारियों ने सातवें वेतन आयोग को लागू करने के अलावा अन्य भी कई मांगें भी रखी हैं। कर्मचारी संगठन की मानें तो उनकी मांगों को लेकर सीएम देवेंद्र फडनवीस सकारात्मक हैं, लेकिन सातवां वेतन आयोग न मिलने के चलते अब कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है।
21,000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ
राज्य कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से मुख्यालय, मंत्रालय, कलेक्ट्रेट, तहसील और तालुका स्तर पर सभी सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा, वहीं शैक्षणिक संस्थानों, चिकित्सा एवं अन्य संबंद्ध संस्थानों में भी हड़ताल की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। महाराष्ट्र राज्य कर्मचारी संगठन (एमएसईओ) के अध्यक्ष मिलिंद सरदेशमुख ने कहा कि सीएम फडनवीस के आश्वासन के बावजूद सरकार सातवें वेतन आयोग समेत हमारी अन्य मांगों को लेकर चुप बैठी है, जबकि ये वेतन आयोग जनवरी 2016 से प्रभावी होना था। वहीं बीजेपी सरकार को इस मामले पर केपी बख्शी समिति की रिपोर्ट का इंतजार है, क्योंकि इससे सरकारी तिजोरी पर 21,000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
इधर सरकारी कर्मचारियों ने हड़ताल कर सरकार की मुसीबत बढा दी है उधर मराठा आरक्षण को लेकर भी सरकार परेशान है। आरक्षण की मांग के चलते सरकार ने 70 नौकरियों पर जो भर्ती होने वाली है उस पर रोक लगा दी है। दरअसल मराठा संगठनों की ओर से मांग की गई कि जब तक आरक्षण पर फैसला नहीं हो जाता तब तक कोई भी भर्ती नहीं की जाए। यह मांग मानते हुए मुख्यमंत्री ने आश्वसान दिया है कि आरक्षण के मुद्ये को नवंबर तक सुलझा लिया जाएगा।