मुंबई

महाराष्ट्र के हिंगोली में लगे भूकंप के झटके, 50 गावों की हिली धरती, जमीन से आई आवाजें

Maharashtra Hingoli Earthquake: हिंगोली जिले के वसमत, औंढा नागनाथ और कलमनुरी तालुका के करीब 40 से 50 गांवों में आज सुबह हल्का भूकंप आया। भूकंप तड़के सुबह साढ़े 4 बजे आया।
2 min read
• •
Updated: 8 Jan 2023, 11:43 AM IST
Earthquake in Hingoli in Maharashtra
हिंगोली में आया भूकंप

Earthquake in Hingoli Latest Updates: महाराष्ट्र के हिंगोली जिले (Earthquake in Hingoli) में आज (8 जनवरी) तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.6 मापी गयी। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, हिंगोली जिले के वसमत, औंढा नागनाथ और कलमनुरी तालुका के करीब 40 से 50 गांवों में आज सुबह हल्का भूकंप आया। भूकंप तड़के सुबह साढ़े 4 बजे आया। जिला प्रशासन की आपदा प्रबंधन इकाई ने बताया है कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 थी। यह भी पढ़े-Maharashtra: भूकंप से हिला नासिक, रिक्टर स्केल पर 3.6 रही तीव्रता, जानमाल का नुकसान नहीं

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया कि भूकंप का केंद्र हिंगोली में 5 किमी गहराई में था। ज्ञात हो कि जिले में विशेष रूप से वासमत, कलमनुरी और औंढा नागनाथ तालुकों में पिछले 8 से 10 वर्षों से जमीन से आवाजें आ रही हैं। प्रशासन की ओर से कहा जा रहा है कि ये आवाजें सूक्ष्म भूमिगत हलचल के कारण आ रही हैं।

इन गांवों की हिली धरती

आज सुबह औंढा नागनाथ तालुका के पिंपलदरी, राजदारी, सोनवाड़ी, आमदारी, कंजारा, पुर, वसई, जामगव्हान, जलालदाभा, काकडदाभा, वसमत तालुका के पंगरा शिदे, वापटी, कलमनुरी तालुका के बोथी, दांडेगांव, सिंदगी, बोल्डा, असोला जैसे प्रमुख गांवों में भूकंप के झटके महसूस किए गए।

जानकारी के अनुसार, सुबह 4:30 बजे के करीब जब ग्रामीण गहरी नींद में सो रहे थे तो जमीन से आवाजें आने लगीं और फिर भूकंप के हल्के झटके लगे। जिसके बाद ग्रामीण डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। एक ग्रामीण ने बताया कि पिछले कुछ दिनों की तुलना में आज सबसे तेज आवाज सुनाई दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण बार-बार आने वाले भूकंप की आवाज और हल्के झटकों के आदी हो गए हैं।

इस बीच, जिला प्रशासन की आपदा प्रबंधन इकाई ने कहा है कि आज सुबह आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 थी. यह भी स्पष्ट किया गया है कि भूकंप के इस झटकों से कहीं कोई नुकसान नहीं हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं।

Published on: