Food Poisoning : पुलिस ने खाने के नमूने जांच के लिए भेजे है। रिपोर्ट आने के बाद फूड पॉइजनिंग का कारण पता चल पाएगा।
Latur Hostel News : महाराष्ट्र के लातूर में एक सरकारी कॉलेज के हॉस्टल में कथित तौर पर विषाक्त भोजन खाने से 50 से ज्यादा छात्राओं की तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया। छात्राओं का आरोप है कि उन्हें रात में जो खाना दिया गया था उसमें मरी हुई छिपकली पाई गई थी। यह घटना पूरनमल लाहोटी सरकारी पॉलिटेक्निक (Puranmal Lahoti Government Polytechnic College) के हॉस्टल में हुई।
पूरनमल लाहोटी सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज के हॉस्टल में 324 महिला छात्र रहती हैं। हॉस्टल में देर रात छात्राओं की तबियत खराब होने से हड़कंप मच गया। कम से कम 50 छात्राओं को अस्पताल ले जाना पड़ा। कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जबकि 30 छात्राएं अब भी अस्पताल में भर्ती है। गनीमत है कि सभी खतरे से बाहर है।
अधिकारियों ने बताया कि लातूर शहर में एक सरकारी कॉलेज की लगभग 50 छात्राओं को हॉस्टल में रात का खाना खाने के बाद उल्टी, पेट दर्द, मिचली आदि होने लगा। फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण होने के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार रात करीब सात बजे छात्राओं ने रात का खाना खाया. उन्हें रोटी, चावल, भिंडी करी और मसूर का सूप परोसा गया था।
वहीँ, सूचना मिलने पर कॉलेज के प्रिंसिपल मौके पर पहुंचे और प्रभावित छात्राओं को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।
घटना की जानकारी शिवाजीनगर पुलिस को दी गयी। पुलिस मौके पर पहुंची और खाने के नमूने जांच के लिए भेजे। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद फूड पॉइजनिंग का कारण पता चलेगा।