महाराष्ट्र के वसई शहर से एक नाबालिग लड़की के यौन शोषण का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।
महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई शहर में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ हुई दरिंदगी ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी ने न केवल नाबालिग का कई महीनों तक शारीरिक और मानसिक शोषण किया, बल्कि उसे ऑनलाइन नीलाम करने की कोशिश भी की। आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस बीच, न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़िता ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
वसई के वालिव पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी जावेद खान पीड़िता के पड़ोस में ही रहता था। दोनों में दोस्ती थी, इसी का फायदा उठाकर जावेद ने चोरी-छिपे नाबालिग की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए। पीड़िता का दावा है कि इन्हीं तस्वीरों के जरिए उसने पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू किया। बदनामी के डर और दबाव के कारण वह उसके साथ मध्य प्रदेश जाने पर मजबूर हो गई, जहां एक कमरे में उसे बंद कर दिया गया। पीड़िता ने बताया कि 6 महीने तक जावेद ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मानसिक प्रताड़ना दी। एक दिन मौका पाकर पीड़िता वहां से भाग निकली और वसई में अपने घर लौट आई।
आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। उसने इंस्टाग्राम पर पीड़िता के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर एक फर्जी अकाउंट बनाया। इस प्रोफाइल पर उसने नाबालिग का कथित तौर पर 'रेट कार्ड' पोस्ट किया और उसे ऑनलाइन नीलाम करने की कोशिश की।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उस पर जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला और उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। पीड़िता के पिता का निधन हो चुका है, इससे घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। पीड़िता का दावा है कि आरोपी उसे और उसके परिवार को खुलेआम धमकियां दे रहा है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।
वालिव पुलिस की कार्रवाई से निराश होकर पीड़िता ने सीएम फडणवीस को पत्र लिखा है। पत्र में उसने अपनी सुरक्षा, आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी जांच की मांग की है। हालांकि एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी जावेद को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही है।
डीसीपी पोर्णिमा चौगुले श्रींगी ने कहा, "शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस, पाक्सो एक्ट व आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़ित लड़की नाबालिग है, उसे पिछले साल फरवरी में किडनैप किया गया था। उसकी इंस्टाग्राम पर जावेद खान नाम के एक लड़के से दोस्ती हुई। जावेद से उसका अफेयर शुरू हुआ और वह फरवरी में उसके साथ मध्य प्रदेश चली गई। वहां वह उसके घर में रह रही थी। 28 दिसंबर को उसके परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद मामले में FIR दर्ज की गई। आरोपी का लोकेशन पता चल गया है और उसे पकड़ने के प्रयास चल रहे है।
डीसीपी के मुताबिक, यह घटना फरवरी 2025 में हुई थी। वह जब जावेद के साथ गई थी तो परिवार का कोई भी सदस्य पुलिस के पास नहीं आया। 28 दिसंबर को लड़की की बहन पुलिस स्टेशन आई। हमने तुरंत कार्रवाई शुरू की। जांच में पता चला है कि जावेद ने पीड़िता का अश्लील वीडियो भी बनाया है और उसे वायरल कर दिया है। पूरी जांच के बाद ही हम किसी नतीजे पर पहुंच सकते हैं। आरोपी जावेद को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम को भेजा गया है।