Hindi News / National News / पुणे में डी-मार्ट के गोदाम पर FDA का बड़ा छापा, 50 लाख रुपए का खाद्य तेल जब्त, 9 नमूने प्रयोगशाला भेजे
पुणे में डी-मार्ट के गोदाम पर FDA का बड़ा छापा, 50 लाख रुपए का खाद्य तेल जब्त, 9 नमूने प्रयोगशाला भेजे
D-Mart Pune: पुणे के मावल स्थित डी-मार्ट के गोदाम से एफडीए ने 20 हजार 85 लीटर खाद्य तेल जब्त किया है। 50.27 लाख रुपए के इस तेल की गुणवत्ता और लेबलिंग में गड़बड़ी का संदेह है।
Pune News: पुणे के मावल तालुका स्थित डी-मार्ट के गोदाम में खाद्य तेल की गुणवत्ता और पैकिंग में गड़बड़ी का संदेह मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान 20 हजार 85 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया है। इसकी कीमत 50 लाख 27 हजार 893 रुपए बताई गई है। जब्त तेल में कई नामी कंपनियों के ब्रांड शामिल हैं। एफडीए की टीम ने मावल तालुका के आंबी गांव स्थित अव्हेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड के गोदाम का निरीक्षण किया था। इस दौरान खाद्य तेल की गुणवत्ता और उस पर दी गई जानकारी यानी लेबलिंग में गड़बड़ी होने का संदेह सामने आया। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर मौजूद 20 हजार 85 लीटर तेल का स्टॉक जब्त कर लिया।
नौ नमूने जांच के लिए भेजे
जब्त किए गए तेल में रिफाइंड सूरजमुखी तेल, राइस ब्रान तेल, सरसों का तेल और मूंगफली का तेल शामिल है। इनमें आधार, फॉर्च्यून, पतंजलि और सफोला ब्रांड के तेल भी हैं। एफडीए ने अलग-अलग तेल के नौ नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे हैं।
अधिकारियों के अनुसार तेल की गुणवत्ता के साथ पैकेट पर लिखी जानकारी की भी जांच की जाएगी। खाद्य सुरक्षा एवं मानक कानून के तहत तेल का स्तर तय मानकों से कम होने या उसकी पैकिंग पर गलत अथवा भ्रामक जानकारी देने की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार है। मुंबई की सह आयुक्त प्रीति तिपरे और पुणे विभाग के सह आयुक्त श्रीकांत करकले के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। टीम में सहायक आयुक्त डीएस सालुंखे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी एबी भिसे व एसएस हाके शामिल थे।
कार्रवाई से जुड़ी प्रमुख जानकारी
स्थान : आंबी गांव, मावल तालुका, पुणे प्रतिष्ठान : अव्हेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड (डी-मार्ट) जब्त तेल : 20,085 लीटर कुल कीमत : 50,27,893 रुपए जांच के लिए भेजे गए नमूने : 9 कार्रवाई का कारण : तेल की गुणवत्ता और लेबलिंग में गड़बड़ी का संदेह।