भाजपा की वरिष्ठ नेता पंकजा मुंडे के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी पाई गई है। समय रहते पायलट की सतर्कता से यह गड़बड़ी पकड़ में आ गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
महाराष्ट्र सरकार की मंत्री और भाजपा की दिग्गज नेता पंकजा मुंडे के लातूर दौरे के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को छत्रपती संभाजीनगर से लातूर के लिए उड़ान भरने से ठीक पहले उनके हेलिकॉप्टर में गंभीर तकनीकी खराबी का पता चला। पायलट की सूझबूझ और उड़ाने से पहले की गई नियमित जांच में यह गड़बड़ी सामने आई, जिसके कारण उड़ान को रद्द कर दिया गया। यदि यह खराबी उड़ान भरने के बाद हवा में पता चलती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। इस घटना के बाद पंकजा मुंडे पूरी तरह सुरक्षित हैं और एक बड़ा अनर्थ टल गया है।
भाजपा की वरिष्ठ नेता पंकजा मुंडे इन दिनों महाराष्ट्र में 7 फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए तूफानी दौरे कर रही हैं। इसी सिलसिले में आज उनका लातूर में चुनावी जनसभाओं का कार्यक्रम तय था। वह छत्रपती संभाजीनगर से निकलने ही वाली थीं कि तकनीकी खराबी के कारण उन्हें रुकना पड़ा।
जैसे ही यह खबर लातूर में उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं तक पहुंची, वहां चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, पंकजा मुंडे ने तुरंत संदेश जारी कर अपने सुरक्षित होने की पुष्टि की और कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील की है।
हेलिकॉप्टर में आई खराबी का पता चलते ही तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया। फिलहाल विशेषज्ञों द्वारा बारीकी से जांच की जा रही है। इस अचानक आए व्यवधान के कारण लातूर में होने वाली मुंडे की जनसभाओं का समय भी बदलना पड़ा है।
जनसभा के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के पहुंचने की वजह से पंकजा मुंडे ने अपना दौरा रद्द नहीं किया। तुरंत दूसरे हेलिकॉप्टर की व्यवस्था की गई। पंकजा मुंडे अब नए हेलिकॉप्टर के जरिए लातूर के लिए रवाना हो रही हैं।
गौरतलब हो कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार (28 जनवरी) को पुणे जिले के बारामती में छोटा विमान क्रैश होने से निधन हो गया था।