
Maharashtra MLC Election Result 2026: महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) की पांच स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों के चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति को बड़ा झटका लगता दिखाई दे रहा है। चुनाव से पहले भाजपा (BJP) और महायुति के नेताओं की ओर से सभी पांच सीटों पर जीत का दावा किया जा रहा था। हालांकि, अब तक सामने आए नतीजों और रुझानों में भाजपा गठबंधन की एकतरफा जीत का सपना टूटता दिख रहा है। उधर, विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (MVA) ने मुकाबले में मजबूती दिखाई है और महायुति की सभी सीटें जीतने की उम्मीद कमजोर पड़ती नजर आ रही है।
मंगलवार सुबह से ही कड़ी सुरक्षा के बीच पुणे स्नातक सीट, नागपुर स्नातक सीट, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक सीट, पुणे शिक्षक सीट और अमरावती शिक्षक सीट के लिए मतगणना जारी है। अब तक के नतीजों व रुझानों के अनुसार, महायुति पुणे शिक्षक सीट जीत चुकी है और दो पर आगे है, जबकि महाविकास आघाड़ी दो सीटों पर जीत की स्थिति में दिखाई दे रही है। हालांकि, अंतिम नतीजे आने के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।
बता दें कि पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा ने कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य जयंत असगांवकर को मात दी है और कौस्तुभ गावडे बड़े अंतर से विजयी हुए हैं। जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा और निर्दलीय उम्मीदवार सचिन सानप का समर्थन किया था, सानप शिंदे गुट के मंत्री उदय सामंत के करीबी हैं। कौस्तुभ गावडे के बाद सचिन सानप ही दूसरे स्थान पर रहें है और अपनी ही सीट पर कांग्रेस चौथे स्थान पर आ गई। पांचों एमएलसी सीटों की बात करें तो कांग्रेस कहीं भी जीत के करीब नहीं है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के राजनीतिक सफर का अंत नजदीक आ रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में बने रहने की अवधि समाप्त होने वाली है।
नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधानमंडल दल (CLP) के नेता वडेट्टीवार ने कहा, "भाजपा अपने राजनीतिक सफर के अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। सत्ता में उनका समय अब समाप्त होने वाला है। इस देश के जनता, विशेषकर शिक्षित और पढ़े-लिखे नागरिकों ने तय कर लिया है कि भाजपा को सत्ता से बाहर करना बेहद जरूरी है। वरना वे देश को तबाह कर देंगे और देश को बेच देंगे। जनता को अब यह बात समझ आ चुकी है। इसलिए भाजपा का जाना तय है, मोदी जी की विदाई निश्चित है, और देश में बदलाव लाते हुए राहुल गांधी की सत्ता में वापसी तय है। इस चुनाव परिणाम ने यही संदेश दिया है।"
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता अनीश गवांडे ने भी एमएलसी चुनाव नतीजों को लेकर भाजपा और महायुति पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले सभी पांच सीटें जीतने का दावा किया था, लेकिन महायुति के भीतर की गुटबाजी ने उसके प्रदर्शन को प्रभावित किया। उन्होंने यह भी कहा कि शरद पवार के साथ बने रहने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव में सफलता मिली है। पार्टी को उम्मीद है कि इस प्रदर्शन से उसे 2029 के चुनावों के लिए राजनीतिक मजबूती मिलेगी।
दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए एनसीपी (शरदचंद्र पवार) नेता अनीश गवांडे ने कहा, "इन चुनावों से पहले भाजपा ने बड़े घमंड के साथ दावा किया था कि वे सभी पांचों सीटें जीतेंगे। लेकिन महायुति के अंदरूनी झगड़ों ने उनके प्रदर्शन को खराब कर दिया। आखिर बैलेट पेपर ने दिखा दिया कि जब निष्पक्ष वोटिंग होती है, तो जनता विपक्ष को ज्यादा सीटें देती है। भाजपा को अब आत्ममंथन करना चाहिए। पुणे में हर्षदा देशमुख और छत्रपति संभाजीनगर में भी हमारी पार्टी की बढ़त एक बड़ी उपलब्धि है। इससे साबित होता है कि जो शरद पवार साहब के साथ निष्ठा से खड़े रहे, जनता ने उन्हीं को जीत दिलाई है। इसी लय को हम 2029 के चुनावों तक आगे ले जाएंगे।"