
Nagpur MLC Election Result: महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों- पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक पर वोटों की गिनती जारी है। इन सीटों पर सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस बीच, नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में शुरुआती पोस्टल मतों की गिनती में कांग्रेस भाजपा से आगे दिख रही है।
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से आए शुरुआती रुझानों के अनुसार, पोस्टल बैलेट (डाक मतपत्रों) की गिनती में कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी ने बढ़त बना ली है।
नागपुर संभाग में कुल 238 पोस्टल मत दर्ज किए गए थे, जिनमें से 34 मत अमान्य (रद्द) घोषित कर दिए गए और 204 मत वैध पाए गए। वैध पोस्टल वोटों की गिनती में कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी को 101 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले को 86 वोट प्राप्त हुए। अन्य उम्मीदवारों के खाते में 22 वोट दर्ज किए गए।
हालांकि, यह केवल पोस्टल मतों की शुरुआती स्थिति है, इसे अंतिम परिणाम नहीं माना जा सकता।
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले मास्टर ने चुनाव में जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार अप्रत्याशित और ऐतिहासिक नतीजा सामने आएगा।
कराले के मुताबिक, उन्हें पहले चरण में 40 से 45 हजार वोट मिलने की उम्मीद है और दूसरे चरण में वे जीत हासिल करेंगे। उन्होंने भाजपा के खिलाफ जनता में नाराजगी होने का दावा भी किया और भाजपा उम्मीदवार पर सीएम देवेंद्र फडणवीस की इजाजत के बिना अपनी बात नहीं रखने पर आलोचना की।
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,65,541 मत दर्ज किए गए हैं। मतगणना के लिए 84 टेबल लगाए गए हैं। मतपत्रों को 25-25 की गड्डियों में बांटा गया है और इस तरह लगभग 6,621 गड्डियां तैयार की गई हैं।
योजना के अनुसार, पहले चरण में प्रत्येक टेबल पर 25 मतपत्रों की 40 गड्डियों की गिनती की जाएगी। इस तरह एक टेबल पर करीब 1,000 मतों की गणना होगी। पहले चरण में लगभग 85 हजार मतों की गिनती होने की संभावना जताई गई थी। शुरुआती रुझान दोपहर करीब 2 बजे आने की उम्मीद थी।
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतपत्रों की गिनती की प्रक्रिया तकनीकी होने के कारण अंतिम परिणाम आने में समय लग सकता है।
78 सदस्यीय महाराष्ट्र विधान परिषद में वर्तमान में भाजपा 35 सदस्यों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। इसके अलावा महायुति में शामिल शिवसेना के पास 12 और राकांपा के पास 10 सदस्य हैं।
विपक्षी खेमे में कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) के 5-5 सदस्य हैं, जबकि राकांपा (शरदचंद्र पवार) के 2 सदस्य हैं। सदन में 4 निर्दलीय सदस्य भी मौजूद हैं। ऐसे में इन 5 सीटों के परिणाम राज्य के उच्च सदन के शक्ति संतुलन के लिहाज से काफी अहम माने जा रहे हैं।