
Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार पूरी तरह विदाई ले ली है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि आज 8 अक्टूबर को पूरे महाराष्ट्र से मानसून की वापसी हो गई है। इसके साथ ही राज्य में मानसूनी बारिश का दौर समाप्त हो गया है और आने वाले दिनों में ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, मुंबई के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों में महाराष्ट्र के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना नहीं है। लेकिन मुंबई सहित पूरे कोंकण रीजन में तपन बढ़ेगी। मुंबई, रायगढ़ और रत्नागिरी के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान लू चलने (Heat Wave) की संभावना जताई गई है।
मुंबई में 8 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना जताई गई है। 9 अक्टूबर को मुंबई के अलग-अलग इलाकों में हीट वेव की स्थिति बनने की संभावना है। इसके बाद 10 से 12 अक्टूबर तक मुंबई में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
ठाणे में भी 8 से 10 अक्टूबर के बीच कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है, जबकि 11 और 12 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पालघर में 8 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहेगा और इसके बाद भी अधिकांश दिनों में बारिश की संभावना नहीं है।
मानसून की वापसी के बाद मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी जैसे तटीय जिलों में मौसम में बदलाव आया है। कोंकण के कुछ हिस्सों में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। रत्नागिरी में 9 अक्टूबर को दोपहर या शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। 10 अक्टूबर को भी दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
सिंधुदुर्ग में भी 9 अक्टूबर को दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश और बादलों के गरजने का अनुमान है। 10 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि इसके बाद मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ जिलों में भी अगले दो-तीनदिनों के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। कोल्हापुर और इसके घाट क्षेत्रों में 9 और 10 अक्टूबर को बारिश के आसार है। सातारा में 9 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। सांगली में अगले 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारों की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मराठवाड़ा के अधिकांश जिलों में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं विदर्भ के अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल समेत अन्य जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इसलिए 12 अक्टूबर तक कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है।