
महाराष्ट्र के पुणे जिले के खेड़ तालुका के पालू गांव की बेटी और महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) की 2023 परीक्षा में पुलिस उपनिरीक्षक पद के लिए राज्य की लड़कियों में प्रथम स्थान हासिल करने वाली अश्विनी केदारी (30) का अकस्मात निधन हो गया है। पिछले ग्यारह दिनों से अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। गणेश विसर्जन के दिन पीएसआई अश्विनी की मौत हो गई।
महज 30 साल की उम्र में अश्विनी ने दुनिया को अलविदा कह दिया, यह हादसा पूरे इलाके को स्तब्ध कर गया है। घटना 28 अगस्त की सुबह की है। अश्विनी पढ़ाई के लिए जल्दी उठी थीं। उन्होंने नहाने के लिए बाल्टी में हिटर लगाकर पानी गरम किया था। इस दौरान थोड़ी देर आंख लग गई। जब उठीं तो पानी पूरी तरह उबल चुका था। बताया जा रहा है कि अश्विनी ने हिटर बंद करके बाल्टी उठाने की कोशिश की तो अचानक पैर फिसल गया और उबलता पानी उन पर गिर गया। इस हादसे में अश्विनी करीब 80 फीसदी झुलस गई। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत पिंपरी-चिंचवड के डीवाई पाटील अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज महंगा होने के कारण सामाजिक संगठनों ने मदद की अपील की और कई लोगों ने सहयोग भी किया। लेकिन करीब ग्यारह दिन तक मौत से लड़ने के बाद आखिरकार अश्विनी ने दम तोड़ दिया।
अश्विनी एक किसान परिवार से थीं। मेहनत और लगन से उन्होंने एमपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की थी और पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) यानी दरोगा पद के लिए लड़कियों में प्रथम स्थान हासिल किया था। उनका सपना आगे चलकर जिलाधिकारी बनने का था और उसी दिशा में वे तैयारी कर रही थीं। मगर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
अश्विनी के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोस्तों और सहकर्मियों में गहरा शोक व्याप्त है। गणेशोत्सव की खुशियों के बीच आई इस दुखद खबर ने पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।