मुंबई

20 वर्षीय तीरंदाज की ट्रेन से गिरने से मौत, नेशनल लेवल पर जीता था 8 गोल्ड मेडल

Archer Arjun Sonawane Death: 20 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी ने राज्य और राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में आठ स्वर्ण पदक जीते थे। उनकी असामयिक मौत से खेल जगत में शोक की लहर है।
2 min read
Nov 03, 2025
archer Arjun Sonawane death
राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज की ट्रेन से गिरकर मौत (Photo: FB)

महाराष्ट्र के नासिक के रहने वाले राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज अर्जुन सोनवणे (20) की राजस्थान के कोटा जंक्शन स्टेशन पर ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। यह हादसा शनिवार रात उस समय हुआ जब अर्जुन (Arjun Sonawane) अपने टीम के साथियों और कोच के साथ पंजाब के भठिंडा में आयोजित एक प्रतियोगिता से लौट रहे थे।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अनुसार, 20 वर्षीय अर्जुन शकूर बस्ती-मुंबई सेंट्रल एसी स्पेशल ट्रेन से अपने टीम के साथ मुंबई लौट रहे थे। रात करीब 8 बजकर 45 मिनट पर जब ट्रेन कोटा जंक्शन पर रुकने के लिए धीमी हो रही थी। तभी अर्जुन कुछ अन्य लोगों के साथ खाना खाने के लिए दूसरे डिब्बे में जाने के लिए बी4 डिब्बे के गेट पर खड़े थे। इस दौरान अर्जुन का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के गैप में गिर पड़े।

ट्रेन रुकते ही साथियों और रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत अर्जुन सोनवणे को बाहर निकाला और गंभीर हालत में एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। बाद में टीम में शामिल उनके दो चचेरे भाइयों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे अर्जुन ने अंतिम सांस ली।

आज पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

नासिक जिले के दिंडोरी तालुका के खेड़गांव निवासी राष्ट्रीय तीरंदाज अर्जुन सोनवणे की राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर दुखद मौत हो गई है। जीआरपी अधिकारी डालचंद सैन ने बताया कि रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। तीरंदाजी संघ की मंगला शिंदे ने बताया कि अर्जुन का पार्थिव शरीर सोमवार को नासिक पहुंचेगा। प्रतिभाशाली खिलाड़ी अर्जुन ने कम उम्र में ही बड़ी पहचान बनाई थी।

टीम मैनेजर अनिल कमलापुरे ने बताया कि अर्जुन स्नातक की पढ़ाई कर रहे थे और उन्होंने राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में आठ गोल्ड मेडल जीते थे। अर्जुन की असामयिक मौत से खेल जगत में शोक की लहर है।

Updated on:
03 Nov 2025 12:27 pm
Published on:
03 Nov 2025 12:23 pm