मुंबई

महाराष्ट्र: NCP के विलय को लेकर हलचल बढ़ी, कांग्रेस के दावे से आया नया ट्विस्ट, अब आगे क्या?

NCP Merger: महाराष्ट्र में शरद पवार और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुटों के विलय की चर्चा तेज। इस बीच, कांग्रेस ने दावा किया कि दिवंगत नेता अजित पवार महायुति छोड़ने वाले थे।
3 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 10:48 AM IST
Sharad Sunetra Pawar NCP merger
सुनेत्रा पवार और शरद पवार (Photo: IANS/File)

Sunetra Pawar: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि दिवंगत अजित पवार महायुति सरकार का साथ छोड़ने वाले थे। उनके इस बयान ने राज्य के सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि शरद पवार और अजित पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुट एक साथ आते हैं, तो वे किस राजनीतिक गठबंधन का हिस्सा बनेंगे? क्या दोनों गुट इंडिया गठबंधन में शामिल होंगे या महायुति के साथ ही रहेंगे?

महायुति छोड़ने वाले थे अजित पवार- कांग्रेस

कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने दावा किया है कि अजित पवार महायुति से अलग होने की तैयारी में थे। हालांकि, उन्होंने अपने इस दावे के समर्थन में क्या आधार दिया है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस के भविष्य और दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

सुनील तटकरे की सुनेत्रा पवार और फडणवीस से मुलाकात

दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के विलय की अटकलों के बीच राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। एनसीपी (सुनेत्रा पवार) के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सुनील तटकरे ने दिवाली बाद उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा हुई।

इस मुलाकात के अगले दिन सुनील तटकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके सरकारी आवास वर्षा पर मुलाकात की। लगातार हुई इन बैठकों ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।

हालांकि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सुनील तटकरे के बीच किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन सुनेत्रा पवार से मुलाकात के तुरंत बाद मुख्यमंत्री से हुई चर्चा को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

सुनेत्रा पवार ने विलय पर क्या कहा?

दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के एक होने की अटकलों पर सुनेत्रा पवार ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था, ''जैसे-जैसे समय आएगा, वैसे-वैसे बातें सामने आएंगी।''

उनके इस बयान को विलय की संभावनाओं से इनकार नहीं करने के तौर पर देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के कुछ वरिष्ठ नेता भी दोनों गुटों के विलय के पक्ष में हैं और इसके लिए प्रयास कर रहे हैं।

हाल के दिनों में सुनेत्रा पवार गुट के कई बड़े नेताओं ने शरद पवार से मुलाकात की। इनमें कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और सांसद पार्थ पवार जैसे प्रमुख नाम शामिल थे। इन मुलाकातों के बाद दोनों गुटों के एक होने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था।

उद्धव गुट का दावा- NCP के 20-22 विधायक छोड़ सकते हैं पार्टी

एक तरफ दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के विलय की चर्चा चल रही है, तो दूसरी तरफ शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने एक और बड़ा दावा किया है। संजय राउत ने कहा, दिवंगत अजित पवार जैसा नेतृत्व अब नहीं रहा है। सुनेत्रा पवार नीत एनसीपी के 20 से 22 विधायक पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल मच गई है।

हालांकि, भाजपा ने संजय राउत के दावे पर पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा कि जब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना के 40 विधायक उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली पार्टी छोड़कर चले गए थे, तब संजय राउत को इसकी भनक तक नहीं लगी थी। उनके दावों पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।

विलय को लेकर फडणवीस ने दिया था बड़ा बयान

दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के विलय को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी पहले अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने मंगलवार को कहा था कि भाजपा से विचार-विमर्श किए बिना दोनों गुटों का विलय नहीं हो सकता। उन्हें एनसीपी के दोनों गुटों की ओर से इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

फिलहाल महाराष्ट्र की राजनीति में तीन अहम सवाल चर्चा के केंद्र में हैं। पहला, क्या शरद पवार और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले दोनों एनसीपी गुटों का विलय होगा? दूसरा, क्या विलय के बाद पार्टी महायुति में बनी रहेगी या विपक्षी इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनेगी? और तीसरा, क्या सुनेत्रा पवार गुट के विधायक पार्टी से अलग होने की तैयारी कर रहे हैं? इन सवालों पर अभी तक कुछ आधिकारिक तौर पर नहीं कहा जा सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में सूबे की राजनीतिक गतिविधियों पर सभी की नजरें रहेंगी।

Updated on:
12 Nov 2026, 10:48 AM IST
Published on: