मुंबई

महाराष्ट्र: कांग्रेस को लगेगा बड़ा झटका, निकाय चुनाव से पहले बीजेपी ने लगाई सेंध, दो बड़े नेता थामेंगे कमल

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के दो बड़े कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। दोनों नेता पार्टी नेतृत्व से नाखुश बताए जा रहे हैं।
less than 1 minute read
Jul 28, 2025
Maharashtra congress crisis
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल और कांग्रेस विधायक नाना पटोले

महाराष्ट्र में आगामी स्थानीय और नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासत एक बार फिर तेज हो गई है। महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में मिली बड़ी जीत के बाद विधानसभा चुनाव में करारी हार ने कांग्रेस पार्टी को हिला दिया। इसके चलते कई नेता अब पार्टी नेतृत्व से असंतुष्ट दिख रहे हैं। इसी के चलते विपक्षी खेमे के कई नेता सत्तारूढ़ दल में शामिल हो रहे है। खबर है कि मराठवाड़ा के दो बड़े कांग्रेस नेता जल्द ही भाजपा (BJP) का दामन थामेंगे।

जालना के पूर्व विधायक कैलास गोरंट्याल (Kailas Gorantyal) और परभणी से कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री वडपुरकर के जल्द ही भाजपा में शामिल होने की अटकलें हैं। इन दोनों नेताओं के भाजपा में प्रवेश से जालना और परभणी जिलों के स्थानीय चुनाव में समीकरण बदल सकते हैं। जालना से पूर्व कांग्रेस विधायक कैलाश गोरंट्याल पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में हार गये थे।

कांग्रेस नेता कैलास गोरंट्याल ने ही शिवसेना में फूट के बाद '50 खोके एकदम ओके' नारा दिया था। वे कांग्रेस से नाराज बताये जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हार के बाद से पार्टी ने उन्हें दरकिनार कर दिया है, जिस वजह से वह पाला बदलने की तैयारी कर चुके है। उनका जालना नगरपालिका में लंबे समय से वर्चस्व रहा है, और अब आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए वह भाजपा की ओर रुख कर सकते हैं।

चर्चा है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता रावसाहेब दानवे और गोरंट्याल भले ही अलग-अलग दलों से हैं, लेकिन दोनों के बीच अच्छे से संबंध है। दानवे कैलास गोरंट्याल को भाजपा में लाकर जालना नगरपालिका में भगवा लहराना चाहते हैं। इस कदम से जहां भाजपा को स्थानीय चुनावों में बढ़त मिल सकती है, वहीं इन संभावित बदलावों से कांग्रेस को मराठवाडा में बड़ा नुकसान हो सकता है।

Published on:
28 Jul 2025 02:21 pm