मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) मुंबई आए हुए हैं। वे देश की आर्थिक राजधानी में दिग्गज कारोबारियों से चर्चा कर रहे हैं। साथ ही यूपी में फिल्म सिटी बसाने के लिए बॉलीवुड के दिग्गजों से मिल रहे हैं।
उत्तर प्रदेश को निवेश का नया हब बनाने के मकसद से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) मुंबई आए हुए हैं। वे देश की आर्थिक राजधानी में दिग्गज कारोबारियों से चर्चा कर रहे हैं। साथ ही यूपी में फिल्म सिटी बसाने के लिए बॉलीवुड के दिग्गजों से मिल रहे हैं। सीएम योगी ने आज होटल ताज में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी समेत कई उद्योगपतियों से मुलाकात की। सीएम योगी का यह दौरा मुख्य तौर पर यूपी में निवेश आकर्षित करने के लिए है। लेकिन उनके मुंबई आने पर सूबे की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय मुंबई दौरे पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी), कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) नेताओं ने निशाना साधा है। एनसीपी नेता दिलीप वलसे पाटिल (Dilip Walase Patil) ने उनके दौरे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा “योगी आदित्यनाथ और देवेंद्र फडणवीस चाहे जो भी कह लें, उद्योगपति अपना निर्णय खुद लेते हैं। वे खुद यह तय करते हैं कि वह अपना उद्योग कहां लगायेंगे तो अच्छा चलेगा।“ यह भी पढ़े-महाराष्ट्र में बिजली कर्मियों की हड़ताल खत्म, फडणवीस बोले- सरकारी बिजली कंपनियों का नहीं होगा निजीकरण
एक दिन पहले ही एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने मुंबई फिल्म सिटी को शिफ्ट करने की चर्चा पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “आदित्यनाथ आए या गए इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मुंबई की शान अलग है। मुंबई मराठी लोगों की है। गोरखपुर को मुंबई बनने में हजारों साल लगेंगे। मुंबई में फिल्म उद्योग के लिए जो वातावरण है वह वहां कहां से आएगा?”
उधर, फिल्म सिटी के मुद्दे पर शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने भी टिप्पणी की। उन्होंने इस बात को भी खारिज कर दिया है कि मुंबई फिल्म सिटी उत्तर प्रदेश में जाएगी। मीडिया से बात करते हुए राउत ने कहा, “योगी का मुंबई में स्वागत है। मुंबई फिल्म सिटी को कोई नहीं छीन सकता। दादासाहेब फालके ने बॉलीवुड की नींव रखी थी. क्या अमिताभ बच्चन और माधुरी दीक्षित जैसी हस्ती नोएडा और लखनऊ में रहना पसंद करेगी?” उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई फिल्म सिटी जेब में डालकर ले जाने वाली चीज नहीं है।
शिवसेना सांसद ने कहा, “योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश के विकास में मुंबई का योगदान लेना चाहिए। उद्यमियों से बात करें। कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन उन्हें यहां रोड शो करने की क्या जरूरत है?” उन्होंने यह भी कहा कि अगर योगी अपने राज्य में एक नई फिल्म सिटी बना रहे हैं, तो इसमें क्या दिक्कत है? साउथ में भी फिल्मसिटी है। हर राज्य में एक फिल्म सिटी होनी चाहिए।“
मुंबई में कांग्रेस नेता हुसैन दलवई (Hussain Dalwai) ने कहा, “योगी आदित्यनाथ को यहां से व्यवसायों को ले जाने के बजाय यूपी में विकसित करना चाहिए। उन्हें भगवा कपड़ों की जगह मॉडर्न कपड़े पहनने चाहिए क्योंकि उद्योग आधुनिकता का प्रतीक होता है।“