मुंबई

Amit Shah in Mumbai: ‘शिंदे गुट ही असली शिवसेना’, अमित शाह ने उद्धव पर निशाना साधते हुए लगाया ये बड़ा आरोप

महाराष्ट्र में जारी सियासी संग्राम खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच गृहमंत्री अमित शाह मुंबई के दौरे पर हैं। शाह ने मुंबई के लालबाग के राजा के दर्शन किये हैं। इसके बाद उन्होंने पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक की है। शाह ने इस दौरान उद्धव ठाकरे पर जमकर निशाना साधा है।

less than 1 minute read
Sep 05, 2022
Home Minister Amit Shah Attacks Uddhav Thackeray, Reacts on Real Shiv Sena Row
अमित शाह ने उद्धव पर निशाना साधते हुए लगाया ये बड़ा आरोप

Amit Shah in Mumbai: देश के गृहमंत्री अमित शाह मुंबई के दौरे पर हैं। उन्होंने सबसे पहले लालबागचा राजा के दर्शन किये हैं। इसके बाद भाजपा के सांसदों और विधायकों के साथ शाह ने बैठक की। इस बैठक में आगामी बीएमसी चुनाव को लेकर चर्चा हुई। इस बैठक में अमित शाह ने उद्धव ठाकरे पर जमकर निशाना साधा है। साथ ही उन्होंने एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना को असली शिवसेना बताया है।

वहीं अमित शाह का बयान ऐसे समय में आया है जब असली शिवसेना को लेकर एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे के बीच चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई जारी है। शाह ने बीएमसी चुनाव को लेकर डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के आवास पर सभी सांसदों, विधायकों, एमएलसी और पार्षदों के साथ बैठक की। इस दौरान मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार भी मौजूद रहे।

खबर है कि इस बैठक में अमित शाह ने फिर दोहराया कि उन्होंने सीएम पद का वादा उद्धव ठाकरे से नहीं किया था। शाह ने कहा कि बीएमसी चुनाव में भाजपा की जीत पक्की है। गृहमंत्री ने यह भी कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बीएमसी चुनाव में भाजपा और असली शिवसेना गठबंधन का लक्ष्य 150 सीटों को जीतने का होना चाहिए।

शाह ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें सत्ता का लालच है। राजनीति में जो लोग धोखा देते हैं उन्हें सजा मिलनी ही चाहिए। गृहमंत्री ने फिर कहा कि हमने कभी उद्धव ठाकरे को सीएम पद का वादा नहीं किया था। हम बंद कमरे में नहीं सीना ठोककर राजनीति करने में यकीन रखते हैं।

Published on:
05 Sept 2022 04:08 pm