मुंबई

उद्धव ने जिसके लिए लिया था ‘पंजे’ से पंगा, अब उसी ने छोड़ा साथ, महायुति की ताकत बढ़ी

Maharashtra Politics: लोकसभा चुनाव में उद्धव ठाकरे गुट ने सांगली सीट से चंद्रहार पाटिल को मैदान में उतारा था, लेकिन एमवीए में होने के बावजूद कांग्रेस के विशाल पाटिल ने भी उसी सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।
2 min read
• •
Updated: 9 Jun 2025, 10:22 AM IST
Uddhav Thackeray Chandrahar Patil
उद्धव ठाकरे की शिवसेना को फिर लगा झटका

शिवसेना (यूबीटी) नेता और डबल महाराष्ट्र केसरी पहलवान चंद्रहार पाटिल (Chandrahar Patil) ने आखिरकार उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ दिया है। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट कर इस फैसले की घोषणा की। पाटिल अब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना में शामिल होंगे। उनके इस कदम को ठाकरे गुट के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

फेसबुक पोस्ट में चंद्रहार पाटिल ने लिखा, "राज्य के खेल क्षेत्र में काम करते हुए मैंने कई खामियां, समस्याएं और अनियमितताएं देखीं। मैंने इन मुद्दों पर समय-समय पर आवाज भी उठाई, लेकिन सरकार की प्रत्यक्ष भागीदारी के बिना ऐसे मुद्दों को सुलझाना कठिन है। इसलिए खेल क्षेत्र में सुधार और सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में प्रभावी काम करने के लिए मैंने और मेरे साथियों ने सरकार (महायुति) के साथ जाने का फैसला किया है।"

रिपोर्ट्स के मुताबिक, चैंपियन पहलवान चंद्रहार पाटिल सोमवार को ठाणे में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना में औपचारिक रूप से शामिल होंगे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ मंत्री उदय सामंत, मंत्री संजय शिरसाट, मंत्री शंभूराज देसाई, मंत्री प्रकाश आबिटकर और मंत्री प्रताप सरनाईक भी मौजूद रहेंगे।

गौरतलब है कि पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में चंद्रहार पाटिल उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (यूबीटी) की ओर से सांगली से चुनावी मैदान में उतरे थे। तब सांगली लोकसभा सीट पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला था। दरअसल महाविकास आघाड़ी (MVA) में होने के बावजूद कांग्रेस के विशाल पाटिल चंद्रहार पाटिल के खिलाफ चुनाव में उतरे। हालांकि निर्दलीय लड़ने के बाद भी विशाल पाटिल ने चुनाव में जीत हासिल की और फिर कांग्रेस के साथ जाने की घोषणा की, जिसके बाद चंद्रहार पाटिल की नाराजगी की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।

पिछले कुछ समय से चंद्रहार पाटिल और शिंदे गुट के नेताओं के बीच मुलाकातों का दौर भी बढ़ गया था। हाल ही में उद्योग मंत्री उदय सामंत के जरिए उन्होंने शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे से भी मुलाकात की। जबकि सांसद श्रीकांत शिंदे ने भी उनकी तारीफ करते हुए कहा था कि वें अच्छे कार्यकर्ता हैं और अगर वे हमारे साथ आते हैं तो हम उनका स्वागत करेंगे।

Updated on:
9 Jun 2025, 10:22 AM IST
Published on: