
धुरंधर 2 ने पेड प्रीव्यू में मचाया गदर
Dhurandhar 2 Box Office: साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' आज यानी 19 मार्च को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। लेकिन फिल्म का असली जलवा तो कल शाम (18 मार्च) को ही दिख गया था, जब इसके 'पेड प्रीव्यू' शोज आयोजित किए गए थे। दर्शकों के बीच इस कदर दीवानगी थी कि थिएटर के बाहर मेले जैसा माहौल नजर आया। फिल्म देखने के बाद फैंस इसे सोशल मीडिया पर एक उत्सव की तरह मना रहे हैं, क्योंकि इस भाग में उन सभी उलझे हुए सवालों के जवाब मिल गए हैं जिन्होंने पिछले एक साल से दर्शकों को बेचैन कर रखा था। वहीं, फिल्म ने पेड प्रीव्यू में ही धांसू कलेक्शन कर सभी को हैरान कर दिया है।
ट्रेड एनालिस्ट 'सैकनिल्क' के शुरुआती आंकड़ों ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को चौंका दिया है। 'धुरंधर 2' ने केवल अपने पेड प्रीव्यू शोज (रिलीज से एक शाम पहले) से ही भारत में 44 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। अगर ग्रॉस कलेक्शन की बात करें, तो यह आंकड़ा 52.71 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा है।
हैरानी की बात यह है कि इस सीक्वल ने अपने पहले भाग 'धुरंधर' (2025) के ओपनिंग रिकॉर्ड को कोसों दूर छोड़ दिया है। पहले भाग ने जहां 28 करोड़ की ओपनिंग ली थी, वहीं दूसरे भाग ने रिलीज से पहले ही 44 करोड़ कमाकर अपनी बादशाहत साबित कर दी है। लोगों में फिल्म के लिए जोश इस कदर देखा जा रहा है कि जिन जगहों पर पेड प्रीव्यू कैंसिल हुए थे वहां हंगामा मच गया था। हालात बेकाबू हो गए थे।
वहीं, फिल्म के शुरुआत में क्या दिखाया गया है इसे लेकर बात करें तो रणवीर सिंह के किरदार 'जसकीरत सिंह रांगी' (जस्सी) के फ्लैशबैक से होती है। जस्सी एक सीधा-सादा लड़का है जो देश की सेवा के लिए फौजी बनना चाहता है। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था; उसके परिवार के साथ हुई नाइंसाफी और ज्यादती उसे बदले की आग में झोंक देती है और वह सलाखों के पीछे पहुंच जाता है।
जेल में उसकी मुलाकात 'अजय सान्याल' से होती है, जो जस्सी के भीतर छिपे अंगारे को पहचान लेता है और उसे एक खतरनाक मिशन पर पाकिस्तान भेज देता है। यहीं से जसकीरत का अंत होता है और जन्म होता है 'हमजा अली मजारी' का। कहानी में 'रहमान डकैत' की मौत और 'अरशद पप्पू' जैसे किरदारों का प्रवेश फिल्म को एक नई ऊंचाई पर ले जाता है। कैसे जस्सी 'किंग ऑफ ल्यारी' बनता है और अपने मिशन को अंजाम देता है, यही इस फिल्म की जान है।
फिल्म के ट्विस्ट और सरप्राइज ने दर्शकों को सीटों से बांधे रखा है। 'बड़े साहब' कौन हैं और यालीना-हमजा की अधूरी प्रेम कहानी का क्या अंजाम हुआ, इन सब राजों से पर्दा उठ गया है। हालांकि, कुछ क्रिटिक्स का मानना है कि यह कहानी एक ही पार्ट की थी, जिसे जबरदस्ती दूसरे भाग तक खींचा गया है। बावजूद इसके, रणवीर सिंह की पावर-पैक परफॉर्मेंस और आदित्य धर के निर्देशन ने इसे एक 'मस्ट वॉच' फिल्म बना दिया है।
Updated on:
19 Mar 2026 08:37 am
Published on:
19 Mar 2026 08:26 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
