
आदित्य धर ने धुरंधर 2 की रिलीज से पहले किया पोस्ट
Dhurandhar 2 Release: साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' कल यानी 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच दीवानगी इस कदर है कि 18 मार्च की शाम से ही कई शहरों में 'पेड प्रीव्यू' शुरू हो गए हैं। इस बीच, फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक भावुक नोट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने फैंस से एक खास गुजारिश की है। इस पोस्ट में उनका डर साफ नजर आ रहा है।
आदित्य धर ने अपने नोट की शुरुआत दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए की। उन्होंने लिखा कि 5 दिसंबर 2025 को जब 'धुरंधर' का पहला पार्ट आया था, तब से दर्शकों ने इसे सिर्फ देखा नहीं, बल्कि जिया है। उन्होंने कहा, "एक फिल्ममेकर के लिए इससे बड़ा कोई तोहफा नहीं हो सकता कि उसकी फिल्म देश और दुनिया की अपनी फिल्म बन जाए। आपने फिल्म की उन बारीकियों पर भी ध्यान दिया, जिनके बारे में मैंने कभी सोचा भी नहीं था।"
फिल्म के सीक्वल 'धुरंधर 2' को लेकर आदित्य धर काफी संजीदा हैं। उन्होंने अपने डर के बारे में बात करते हुए फैंस से हाथ जोड़कर विनती की है कि फिल्म देखने के बाद उसके सस्पेंस या कहानी के मोड़ (स्पॉइलर्स) सोशल मीडिया पर शेयर न करें। उन्होंने लिखा, "फिल्मों का अनुभव बड़े पर्दे पर ही होना चाहिए, न कि किसी के फोन की धुंधली तस्वीरों या लीक कहानियों के जरिए। मैं चाहता हूं कि हर फैन उसी सस्पेंस के साथ सिनेमाघर जाए, जैसे आप गए थे।"
नोट के साथ अपने ट्वीट में आदित्य ने फैंस के लिए एक 'सरप्राइज' का संकेत भी दिया है। उन्होंने लिखा, "ओह, और एक बात! जब तक फिल्म के क्रेडिट्स (फिल्म खत्म होने के बाद आने वाले नाम) पूरी तरह खत्म न हो जाएं, अपनी सीटों से मत उठिएगा।" उनके इस छोटे से इशारे ने यह साफ कर दिया है कि फिल्म के अंत में कोई बहुत बड़ा राज या अगले भाग का संकेत छुपा है, जिसे मिस करना फैंस के लिए भारी पड़ सकता है।
फिल्म के आधिकारिक रिव्यू तो कल आएंगे, लेकिन दिग्गज निर्देशक राम गोपाल वर्मा (RGV) ने मंगलवार को फिल्म देखने के बाद सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। RGV ने फिल्म की तारीफों के पुल बांधते हुए लिखा कि आदित्य धर की इस फिल्म के सामने 'मुगल-ए-आजम' से लेकर अब तक की तमाम क्लासिक फिल्में टीवी सीरियल जैसी लगती हैं।
राम गोपाल वर्मा के इस चौंकाने वाले बयान ने फिल्म के लिए उत्सुकता को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। अब देखना यह है कि क्या 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर सफलता के पुराने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर पाती है या नहीं।
Published on:
18 Mar 2026 02:45 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
