मुंबई

महाराष्ट्र में भीषण हादसा… तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को उड़ाया, 9 लोगों की मौके पर ही मौत

Pune Nashik Highway Accident : पुणे में आयशर टेपों ने यात्रियों से भरी ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई।

2 min read
Jan 17, 2025

महाराष्ट्र के पुणे में भीषण सड़क हादसा हुआ है। पुणे-नासिक हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे नारायणगांव के पास भयानक हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, एक आयशर टेपों ने यात्रियों से भरी मैक्स ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद मैक्स ऑटो हाईवे किनारे खड़ी एसटी बस से टकरा गया। बताया जा रहा है कि एसटी बस में कुछ खराबी आ गई थी, जिस वजह से वह हाईवे किनारे खड़ी थी। जिससे मैक्स ऑटो तेजी से टकराया।

हादसा इतना भयानक था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार चार महिलाएं, चार पुरुष और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य घायल बताये जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्‍थल पर चीख पुकार मच गई।

इस हादसे में मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है।

बताया जा रहा है कि मैक्स ऑटो पुणे-नासिक हाईवे पर जा रही थी तभी पीछे से तेज रफ्तार आयशर टेंपो ने जोरदार टक्कर मार दी। जैसे ही आयशर ने टक्कर मारी ऑटो महाराष्ट्र परिवहन की बस में जा भिड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आयशर ने ऑटो को उड़ा दिया और मौके से भाग गया। लेकिन पुलिस ने आगे जाकर उसे पकड़ लिया। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एक दिन पहले ही तीर्थयात्रा पर निकले एक ही परिवार के चार लोगों की महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के पास भीषण दुर्घटना में मौत हो गई। पीड़ित तेलंगाना के यदाद्री भोंगिर (Yadadri Bhongir) जिले के निवासी थे। गुरुवार को पीड़ित परिवार जीप से कोंडागाडापा गांव से शिरडी साईंबाबा के दर्शन करने जा रहा था। तभी उनकी जीप एक ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।

Published on:
17 Jan 2025 02:11 pm
Also Read
View All

अगली खबर