मुंबई

महाराष्ट्र के अंबा घाट में गहरी खाई में गिरी बस, नेपाल के 50 यात्री थे सवार, मची चीख-पुकार

Maharashtra Bus Accident: महाराष्ट्र के अंबा घाट में बड़ा हादसा हुआ है। एक निजी बस अनियंत्रित होकर 70 से 100 फीट गहरी खाई में गिर गई।
2 min read
Dec 05, 2025
Maharashtra Bus accident
महाराष्ट्र में बस पलटी (Photo: IANS/File)

महाराष्ट्र कोल्हापूर (Kolhapur) और रत्नागिरी (Ratnagiri) को जोड़ने वाले अंबा घाट (Amba Ghat) में आज सुबह एक भीषण हादसा (Bus Accident) हो गया। मध्य प्रदेश पासिंग की एक निजी ट्रैवल्स बस मोड़ पर अनियंत्रित होकर 70 से 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

नेपाल के यात्री थे सवार

मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना आज तड़के 5 बजे के आसपास रत्नागिरी-कोल्हापुर हाइवे के घुमावदार मोड़ पर हुई। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक, अधिकांश यात्री नेपाल (Nepal) से आए थे और रत्नागिरी में काम करने के लिए जा रहे थे।

खाई में गिरने से बस को काफी नुकसान हुआ है। लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई है। बस में सवार 15 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को बस से निकालने का काम शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे की सूचना मिलते ही साखरपा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त बस को खाई से बाहर निकालने के प्रयास अभी भी जारी हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पीड़ितों के परिवारों को दुर्घटना के बारे में सूचित किया जा रहा है।

बस-ट्रक की टक्कर, 3 यात्रियों की मौत

यवतमाल जिले के मारेगांव तहसील में जलका फाटा के पास रात करीब 8 बजे चंद्रपुर-यवतमाल रोड पर एक भीषण हादसा हो गया। वणी से करंजी की ओर जा रही एसटी बस को विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार को ओवरटेक करने की कोशिश में ट्रक-बस की आमने-सामने टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसटी बस का चालक वाला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस लगभग दो हिस्सों में बंट गई। इस भीषण दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हुए हैं।

Updated on:
05 Dec 2025 11:21 am
Published on:
05 Dec 2025 11:13 am