
IAS Tukaram MundheFDA Action: वरिष्ठ आईएएस तुकाराम मुंढे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरी पर लगाम लगाने के लिए राज्यभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान के तहत प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों की बिक्री, भंडारण और परिवहन करने वालों पर शिकंजा कसा गया है। मुंबई से लेकर पुणे तक प्रशासनिक अमले की इस सख्त कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
मुंबई में एफडीए द्वारा की गई छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। अधिकारियों ने 10 खाद्य प्रतिष्ठानों में भारी गड़बड़ियां पाई हैं। इन प्रतिष्ठानों में बड़े पैमाने पर अस्वच्छता, कीड़े-मकोड़े, भंडारण में लापरवाही, मेडिकल सर्टिफिकेट और कर्मचारियों के प्रशिक्षण का अभाव पाया गया। नियमों की धज्जियां उड़ाने के कारण एफडीए ने इन सभी दस ठिकानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। इसमें इस्लाम जिमखाना का हुमा केटरर, कांदिवली का मिल्कोज डेयरी प्रोडक्ट्स, सांताक्रूज का ला पिनोझ पिझ्झा, विले पार्ले का एफथ्री कॉर्पोरेट हॉस्पिटॅलिटी सर्विसेज, ओपेरा हाउस का नारायण डोसा, जे.जे. अस्पताल परिसर की सेंट्रल कैंटीन, चारकोप की पालीवाल डेयरी और मरीन लाइंस क्षेत्र का नवाब जूस सेंटर आदि शामिल हैं।
त्योहारी सीजन को देखते हुए नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य तेल उपलब्ध कराने के लिए एफडीए ने पुणे संभाग में विशेष अभियान चलाया। 9 अक्टूबर 2026 को चलाए गए इस व्यापक अभियान के तहत संदिग्ध रूप से निम्नस्तरीय, असुरक्षित और गलत लेबलिंग वाले खाद्य तेल निर्माताओं व विक्रेताओं पर छापेमारी की गई।
अधिकारियों ने पुणे, सांगली, सोलापुर, सतारा और कोल्हापुर जिलों में कुल 25 प्रतिष्ठानों पर छापे मारकर 74,612 किलो संदिग्ध खाद्य तेल जब्त किया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 1.29 करोड़ रुपए से अधिक है। जब्त किए गए सभी नमूनों को लैब में परीक्षण के लिए भेज दिया गया है, और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुणे संभाग में शामिल पुणे जिले के 8 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, जहां से 34,481 किलो खाद्य तेल (मूल्य लगभग 58.90 लाख रुपए) जब्त हुआ। कोल्हापुर जिले में 4 प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर 18,156 किलो खाद्य तेल (मूल्य लगभग 29.03 लाख रुपए) पकड़ा गया। सोलापुर जिले में 5 प्रतिष्ठानों से 13,490 किलो खाद्य तेल (मूल्य लगभग 25.33 लाख रुपए) जब्त किया गया। सतारा जिले में 4 ठिकानों पर कार्रवाई के दौरान 5,948 किलो खाद्य तेल (मूल्य लगभग 11.41 लाख रुपए) जब्त किया गया। वहीँ, सांगली जिले में चार प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 2,536 किलो खाद्य तेल (मूल्य लगभग 4.07 लाख रुपए) जब्त किया गया।
एफडीए के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी मिलावटखोर को बख्शा नहीं जाएगा। त्योहारी सीजन के मद्देनजर यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।