
Maharashtra Water Crisis: अभी गर्मी का मौसम शुरू होने में कई महीने हैं, लेकिन इससे पहले ही महाराष्ट्र में जल संकट गहराता नजर आ रहा है। राज्य के बांधों में पानी का स्तर लगातार घट रहा है। जल संसाधन विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र के पांच क्षेत्रों- कोंकण, पश्चिम महाराष्ट्र, खानदेश, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुल 3,042 बांधों में फिलहाल औसतन 62 फीसदी पानी बचा है। पिछले साल इसी अवधि में बांधों में जल भंडारण 90 फीसदी था। सबसे चिंताजनक स्थिति सूखे की मार झेल रहे मराठवाड़ा क्षेत्र की है, जहां बांधों में पानी का स्तर घटकर महज 34 फीसदी रह गया है। पिछले साल नवंबर में इसी अवधि के दौरान यहां 90 फीसदी पानी उपलब्ध था।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, मराठवाड़ा के 931 बांधों में जल भंडारण तेजी से कम हो रहा है। फिलहाल इन बांधों में केवल 34 फीसदी पानी बचा है। पिछले साल इसी समय यह आंकड़ा 90 फीसदी था। मराठवाड़ा क्षेत्र में छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, परभणी, हिंगोली, धाराशिव, लातूर और नांदेड़ जिले शामिल हैं।
मराठवाड़ा पहले से ही सूखे और पानी की किल्लत की समस्या से जूझता रहा है। ऐसे में नवंबर महीने में ही बांधों का जलस्तर इतना नीचे पहुंचना आने वाली गर्मियों के लिए चिंता बढ़ाने वाला है। यदि आने वाले महीनों में पानी की खपत पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो ग्रामीण इलाकों के साथ शहरी क्षेत्रों में भी पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
राज्य के पांचों क्षेत्रों के 3,042 बांधों में फिलहाल औसतन 62 फीसदी पानी बचा है, जो कि पिछले साल इसी अवधि में 90 फीसदी था। पिछले साल की तुलना में इस बार बांधों में पानी की उपलब्धता काफी कम है।
जल भंडारण में आई इस गिरावट के कारण महाराष्ट्र में आने वाली गर्मियों के दौरान पानी की मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखना बड़ी चुनौती हो सकती है।
बांधों में घटते जलस्तर को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जल संसाधन विभाग को पानी के उचित प्रबंधन और उसके इस्तेमाल पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि बांधों में उपलब्ध पानी का इस्तेमाल प्राथमिकता के आधार पर पेयजल के लिए सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके साथ ही पानी के दुरुपयोग और बर्बादी को रोकने के लिए युद्धस्तर पर कदम उठाने को कहा है।
नवंबर में ही बांधों के जलस्तर में इतनी बड़ी गिरावट दर्ज होने से महाराष्ट्र के सामने आने वाले महीनों में पानी का संकट खड़ा हो सकता है। विशेष रूप से मराठवाड़ा में स्थिति चुनौतीपूर्ण रहने की आशंका है। ऐसे में जल प्रबंधन, पानी की बर्बादी रोकना और उपलब्ध जल भंडारण का नियोजित इस्तेमाल बेहद महत्वपूर्ण होगा।