मुंबई

महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज बदला: 17 से 20 मार्च तक आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी

Maharashtra Weather: महाराष्ट्र में 17 मार्च से 20 मार्च के बीच कई जिलों में गरज-चमक के साथ तूफानी बारिश होने की संभावना है।

2 min read
Mar 15, 2026
महाराष्ट्र में 17 से 20 मार्च तक आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट (Photo: IANS)

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम अचानक बदल सकता है। मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में 17 मार्च से 20 मार्च के बीच आंधी-तूफान, बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि दोपहर के समय कई जिलों में बादल छाने लगेंगे, जिससे बारिश, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना बढ़ जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों और किसानों से सावधानी बरतने की अपील की है।

ये भी पढ़ें

मौसम ने फिर मारी पलटी: लू के बाद आएगी आंधी-पानी की बारी, इन जिलों में अलर्ट घोषित

राज्य के इन इलाकों में दिखेगा असर

आईएमडी के अनुसार इस बदलते मौसम का प्रभाव राज्य के कई क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। इनमें विदर्भ, मराठवाड़ा, खानदेश और मध्य महाराष्ट्र के कई जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

इन इलाकों में आसमान बादलों से ढका रह सकता है और बीच-बीच में बारिश तथा गरज-चमक के साथ तूफानी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों ने यह भी चेतावनी दी है कि इस दौरान बिजली गिरने और तेज झोंकों वाली हवाओं से मुसीबत बढ़ सकती है।

18 से 20 मार्च के बीच बढ़ सकती है तीव्रता

मौसम विभाग के अनुसार 18 मार्च से मौसम की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। 18 से 20 मार्च के बीच कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसलिए लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

किसानों के लिए कृषि विभाग की एडवाइजरी

मौसम की संभावित खराब स्थिति को देखते हुए महाराष्ट्र राज्य कृषि विभाग ने किसानों और नागरिकों के लिए विशेष सलाह जारी की है। विभाग ने कहा है कि राज्य के कई हिस्सों में इस समय रबी फसलों की कटाई का मौसम चल रहा है, इसलिए खराब मौसम से फसलों को नुकसान हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए किसानों को पहले से तैयारी करने और अपनी उपज को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

कृषि विभाग की एडवाइजरी के मुताबिक कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका है। विभाग ने यह भी बताया कि 18 से 20 मार्च के बीच मौसम अधिक खराब रह सकती है।

कृषि विभाग ने किसानों से कहा है कि वे नियमित रूप से मौसम बुलेटिन पर नजर रखें और फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं। समय रहते सावधानी बरतने से फसलों को होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है और रबी की चल रही कटाई पर इसका असर कम पड़ेगा।

मौसम विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Updated on:
15 Mar 2026 10:03 am
Published on:
15 Mar 2026 10:01 am
Also Read
View All

अगली खबर