Maharashtra Weather: विदर्भ के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
Maharashtra Cold Weather: मुंबई, ठाणे, पुणे समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बीते हफ्ते से तापमान में गिरावट आई है। हालांकि मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। इस समय राज्य के कुछ हिस्सों को छोड़कर बाकि जगहों पर ठंड बढ़ती जा रही है। मुंबई शहर में भी लोग सुबह गर्म कपड़े पहनकर घरों से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग (आईएमडी) ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि राज्य में एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, क्रिसमस के दौरान राज्य में तापमान थोड़ा बढ़ने की उम्मीद है। जबकि क्रिसमस बाद फिर से ठिठुरन बढ़ने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। यह भी पढ़े-Maharashtra Weather: क्रिसमस के बाद बढ़ेगी ठंड! मुंबई, ठाणे समेत कोंकण के मौसम पर बड़ा अपडेट
यहां पड़ रही कंपकपाने वाली ठंड (Cold Weather in Maharashtra)
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में तापमान धीरे-धीरे गिर रहा है। विदर्भ के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। विदर्भ में यवतमाल, चंद्रपुर, गोंदिया, नागपुर, वाशिम में न्यूनतम तापमान एक अंक में (10 डिग्री से नीचे) दर्ज किया गया। जिससे यहां कंपकपाने वाली सर्दी पड़ रही है। राहत पाने के लिए लोग अलाव जला रहे है। विदर्भ के साथ-साथ मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भी तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। हिंगोली में तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाने के कारण जिले में शीतलहर चल रही है।
कोल्हापुर में अधिकतम 28 और न्यूनतम 16 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह नासिक में 25 और 14, रत्नागिरी में 31 और 24, सोलापुर में 29 और 15, सतारा में 28 और 15, सांगली में 28 और 16 अधिकतम और न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
और गिरेगा पारा!
मुंबई समेत महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हाल के दिनों में ठंड कम हो गई है। पिछले सप्ताह शहर में तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। लेकिन सोमवार से मुंबई का न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 25 दिसंबर के बाद मुंबई और उसके उपनगरों में तापमान में फिर गिरावट देखने को मिल सकती है।
आमतौर पर 15 दिसंबर के आसपास अधिकतम तापमान में गिरावट शुरू होने के बाद सर्दी बढ़ने लगती है। हालाँकि, पिछले साल दिसंबर के आखिरी सप्ताह तक मुंबई में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा था।
क्रिसमस बाद बदलेगा मौसम
अरब सागर में चक्रवात बना हुआ है। इसका असर राज्य के साथ-साथ मुंबई, ठाणे के मौसम पर भी पड़ता दिख रहा है। अब कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। जबकि हलके बादल भी छाए रह सकते है। हालांकि, 25 दिसंबर के बाद पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ने के कारण तापमान में गिरावट होने की संभावना है। लेकिन, तब तक न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री के बीच बने रहने की उम्मीद है।