
Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, पुणे और नासिक समेत कई जिलों में 11 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में 7, 8, 9, 10 और 11 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इन जिलों में बारिश की संभावना बहुत कम है, इस वजह से लोगों को सूरज की गर्मी की तपन झेलनी पड़ेगी।
जबकि, कोंकण के दक्षिणी हिस्से में मौसम पूरी तरह शुष्क नहीं रहेगा। रत्नागिरी में 9 और 10 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 7, 8 और 11 अक्टूबर को यहां बारिश की संभावना नहीं है। वहीं, सिंधुदुर्ग में अगले 24 घंटे तक हल्की बारिश और गरज-चमक, 9 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक तथा 10 अक्टूबर को फिर हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ जिलों में भी अगले कुछ दिनों में स्थानीय स्तर पर बारिश हो सकती है। कोल्हापुर में 7 से 10 अक्टूबर तक हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। इसी तरह सांगली में 7 से 9 अक्टूबर तक हल्की बारिश और गरज-चमक, जबकि 10 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है। यहां 11 अक्टूबर को मौसम शुष्क रह सकता है। सतारा में 9 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने अमरावती, गढ़चिरौली और वर्धा में अगले 24 घंटे कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इन इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है। 8 अक्टूबर के बाद इन जिलों के लिए कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
विदर्भ के अन्य जिलों की बात करें तो मौसम विभाग ने अकोला, भंडारा, चंद्रपुर, गोंदिया, नागपुर, वाशिम और यवतमाल के लिए भी अगले पांच दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की है।