
Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में इस हफ्ते तूफानी बारिश का दौर तेज होने के संकेत हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों में राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। खासकर विदर्भ के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं मुंबई, ठाणे और पालघर में भी अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मराठवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों में भी शुक्रवार तक बिजली कड़कने, भारी बारिश और तेज हवाओं के साथ कुछ जगहों पर आंधी-तूफान चलने की संभावना है।
IMD के अनुसार 22 सितंबर को मुंबई और ठाणे में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 23 सितंबर को भी दोनों जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके बाद 24 से 26 सितंबर तक हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। पालघर में भी 22 और 23 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके बाद 24 से 26 सितंबर तक हल्की बारिश का अनुमान है। यानी वीकेंड तक पूरे मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
कोंकण के रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। रायगढ़ में 22 सितंबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, गरज के साथ भारी बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 23 सितंबर को भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं का अनुमान है। इसके बाद हल्की बारिश हो सकती है।
रत्नागिरी में 22 और 23 सितंबर को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 24 सितंबर को भी गरज के साथ बारिश हो सकती है, जबकि इसके बाद हल्की बारिश का अनुमान है।
सिंधुदुर्ग में भी 22 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना है। 23 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं।
पुणे जिले में 22 सितंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं का अनुमान है। 23 सितंबर को हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके बाद हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है।
नासिक में भी 22 और 23 सितंबर को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। नासिक के घाट क्षेत्रों में भी इसी तरह की मौसम गतिविधि का अनुमान है।
अहिल्यानगर में 22 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं की संभावना है, जबकि 23 सितंबर को कुछ स्थानों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
विदर्भ के कई जिलों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। चंद्रपुर, गडचिरोली, गोंदिया और नागपुर में 24 से 25 सितंबर के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
चंद्रपुर में 24 और 25 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं की संभावना है। गडचिरोली में भी इन दोनों दिनों में इसी तरह की स्थिति बनने का अनुमान है।
गोंदिया में 25 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि नागपुर में 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का अनुमान है।
यवतमाल में भी 23 से 25 सितंबर के बीच बारिश और गरज-चमक की गतिविधि बढ़ सकती है। 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बताई गई है।
मराठवाड़ा के संभाजीनगर, बीड, हिंगोली, जालना, लातूर, नांदेड, धाराशिव और परभणी जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। IMD के अनुसार संभाजीनगर, जालना और बीड में 22-23 सितंबर को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। हिंगोली में 22-23 सितंबर को बारिश, जबकि 24 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की हवाएं संभव हैं। लातूर और नांदेड में 23 सितंबर तक भारी बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की हवाओं का अनुमान है। नांदेड में 24 और 25 सितंबर को भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
धाराशिव में 22 सितंबर को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं का अनुमान है। 23 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है, जबकि 24 और 25 सितंबर को तेज हवाएं चल सकती हैं। परभणी में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है।