मुंबई

Weather Update: महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश और आंधी-बिजली का अलर्ट, मुंबई में भी बरसेंगे बदरा! IMD ने दी अपडेट

IMD Maharashtra Weather Update: मौसम विभाग के पांच दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, पुणे और नासिक सहित कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। विदर्भ के कुछ जिलों में गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां अधिक रह सकती हैं।
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 4:37 PM IST
Maharashtra rain alert
महाराष्ट्र में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट (Patrika File Photo)

Maharashtra Weather News: महाराष्ट्र में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर पूरी तरह थमा नहीं है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुंबई क्षेत्रीय केंद्र ने अपने ताजा पूर्वानुमान में राज्य के कई जिलों में बारिश और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली कड़कने की संभावना है। इसके अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान मुंबई, ठाणे और पालघर में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, रायगढ़ और रत्नागिरी में कुछ स्थानों पर गरज-चमक, हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के कई जिलों में अगले एक-दो दिन तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती है। हालांकि, 31 अक्टूबर से कोंकण व कई जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मुंबई, ठाणे और पालघर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई, ठाणे और पालघर में गुरुवार-शुक्रवार के बीच हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में 30 अक्टूबर के बाद से बारिश होने की उम्मीद फिलहाल नहीं है।

रायगढ़ और रत्नागिरी में शुक्रवार तक कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन दोनों जिलों में शुक्रवार को हल्की बारिश हो सकती है, जबकि उसके बाद मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

सिंधुदुर्ग में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश या आसमान में गड़गड़ाहट के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शुक्रवार को हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद बारिश नहीं होने के आसार है।

पुणे, नासिक और कोल्हापुर में भी बारिश के आसार

मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पुणे में 30 अक्टूबर तक हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

नासिक और नासिक घाट क्षेत्र में गुरुवार और शुक्रवार को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

कोल्हापुर और कोल्हापुर घाट क्षेत्र में 29 से 31 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। सातारा में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश और शुक्रवार को हल्की बारिश या बौछारों की संभावना है। सांगली और सोलापुर में भी इसी तरह का मौसम रह सकता है।

विदर्भ के जिलों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी

विदर्भ के कुछ जिलों में भी मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिन गरज-चमक और आंधी-बारिश को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। अकोला में शुक्रवार सुबह तक कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके बाद के दिनों में मौसम सामान्य रह सकता है।

अमरावती में अगले 48 घंटे वज्रपात, बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया और नागपुर में भी पूर्वानुमान की अलग-अलग तारीखों पर आंधी, बिजली और बारिश की संभावना जताई गई है।

गढ़चिरौली और गोंदिया में कुछ स्थानों पर 2 नवंबर तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

Updated on:
29 Oct 2026, 4:37 PM IST
Published on: