
IMD Maharashtra Forecast: महाराष्ट्र में मानसून की विदाई के बाद अब राज्य के कई हिस्सों में उमस भरी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) के मुंबई क्षेत्रीय केंद्र ने अपने ताजा पूर्वानुमान में मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना जताई है। हालांकि, राज्य के अधिकांश जिलों में 15 अक्टूबर तक बारिश की संभावना बहुत कम है।
आईएमडी ने बताया कि 24 घंटों के दौरान मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी में अलग-अलग इलाकों में गर्म और उमस भरी परिस्थितियां रहने की संभावना है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 12 से 15 अक्टूबर तक इन जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी में 11 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है। मौसम विभाग ने इन परिस्थितियों की संभावना को 'बहुत अधिक' बताया है। हालांकि फिर गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन बारिश के आसार नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक, धुले, नंदुरबार, जलगांव, नासिक, अहिल्यानगर, पुणे, कोल्हापुर, सातारा, सांगली, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड़, लातूर और धाराशिव सहित राज्य के कई जिलों में 11 से 15 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
विदर्भ के अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल जिलों के लिए भी इस अवधि में कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।