
Maharashtra weather forecast IMD: बंगाल की खाड़ी में बनी मौसमी प्रणाली के बाद महाराष्ट्र के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य में फिर बारिश की एंट्री होने जा रही है, जबकि राजधानी मुंबई समेत कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मध्य महाराष्ट्र क जेउर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुंबई केंद्र ने अगले पांच दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, मुंबई, ठाणे, पालघर समेत कोंकण और पश्चिम महाराष्ट्र के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, विदर्भ के कुछ जिलों में 21 और 22 नवंबर को गरज-चमक के साथ तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है।
कोंकण और मध्य महाराष्ट्र समेत राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। मुंबई और उसके उपनगरों (जैसे सांताक्रूज और कोलाबा) में भी रात और सुबह के समय पारे में हल्की गिरावट के बाद न्यूनतम तापमान करीब 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे सुबह के वक्त हल्की सिहरन महसूस होने लगी है। हालांकि अधिकांश जिलों में इन दिनों मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ बना हुआ है।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में 18 से 22 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इन सभी जिलों के लिए पांचों दिनों तक बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
इसके अलावा धुले, नंदुरबार, जलगांव, नासिक, अहिल्यानगर, पुणे, कोल्हापुर, सातारा, सांगली और सोलापुर में भी अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। नासिक, पुणे, सातारा और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में भी बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, विदर्भ के कुछ जिलों में 21 और 22 नवंबर को मौसम बदल सकता है। चंद्रपुर और गोंदिया में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं, गढ़चिरौली में भी 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
नागपुर, वर्धा, वाशिम, यवतमाल, अकोला, अमरावती, भंडारा और बुलढाणा के लिए 18 से 22 नवंबर तक मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। इन जिलों में फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।