Mumbai Malad Violence: मुंबई के मलाड इलाके में दो गुटों के बीच ‘जय श्री राम’गाने के बाद शुरू हुई हिंसक झड़प में कई लोग घायल हुए है। पूरे इलाके में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
मुंबई के मलाड पूर्व इलाके के संतोष नगर में रविवार देर शाम एक धार्मिक आयोजन के दौरान अचानक तनाव फैल गया। इलाके में देवी माता की पूजा चल रही थी और लाउडस्पीकर पर जय श्रीराम के भक्ति गीत बज रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया।
हालात इस कदर बिगड़ गए कि मौके पर पहुंची पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें 2-3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को ट्रामा केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। दिंडोशी पुलिस स्टेशन ने मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है और 3 नाबालिगों को हिरासत में लिया है। दिंडोशी पुलिस स्टेशन ने दंगा भड़काने का मामला दर्ज किया है। आज आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब लोग अपने-अपने घरों में थे, तभी अचानक शोर उठा, माहौल बिगड़ा और देखते ही देखते दो गुट आमने-सामने आ गए। शुरुआत में मामूली कहासुनी हुई, लेकिन धीरे-धीरे मामला बढ़ता गया और दोनों तरफ से बड़ी संख्या में लोग जुट गए। देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई और आसपास मौजूद अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए, जिससे हालात और बिगड़ गए। इस झड़प में कम से कम तीन युवक गंभीर जख्मी हुए है। इलाके में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है। भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
दिंडोशी पुलिस के मुताबिक, संतोष नगर इलाके में शाम में दो गुटों में हाथापाई और मारपीट हुई। सूचना मिलते ही पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और भीड़ को कंट्रोल करने की कोशिश की, लेकिन जब भीड़ ने पुलिस की नहीं सुनी, तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान एक लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाके में तनावपूर्ण शांति है। पूरे इलाके में पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है।
इस बीच, पूर्व भाजपा पार्षद विनोद मिश्रा ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर हमला किया। लेकिन जब हम घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहे थे, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। यहां तक कि एक नाबालिग को भी पुलिस ने पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
डीसीपी महेश चिमटे ने कहा, इस हिंसा के पीछे जो भी लोग होंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा। घायल व्यक्ति इस घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करेंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था हर हाल में कायम रखी जाएगी। पुलिस पूरी निष्पक्षता और गंभीरता से जांच कर रही है और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने मलाड इलाके में दो गुटों के बीच ‘जय श्री राम’ बोलने के बाद शुरू हुई हिंसक झड़प पर कहा, "श्रीराम का नारा लगाने से विवाद होने का सवाल ही नहीं उठता है। ये लोग जाकर जानबूझकर मुस्लिम बस्ती में या वहां जो मस्जिद रहती है, वहां जाकर जानबूझकर गड़बड़ी करते हैं। श्रीराम से मुसलमानों का विरोध होने का सवाल ही नहीं है। श्रीराम के बारे में अल्लामा इकबाल साहब ने बहुत बड़ी बात कही है, उन्हें इमाम ए हिंद कहा है, मुसलमान श्रीराम का आदर करते हैं, ये लोग श्रीराम का नाम लेकर हिंसा करते है…"