मुंबई

‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’: राज ठाकरे की ‘बिना पीएम वाले देश’ की भविष्यवाणी पर भाजपा का करारा पलटवार

BJP on Raj Thackeray: मनसे प्रमुख राज ठाकरे की देश में बड़े जनआंदोलन और प्रधानमंत्री के न होने की भविष्यवाणी पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा नेता प्रवीण दरेकर ने इसे 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने' करार दिया।
2 min read
• •
Oct 22, 2026
MNS Raj Thackeray Statement
राज ठाकरे पर BJP का पलटवार (Photo: IANS/File)

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में मनसे (MNS) प्रमुख राज ठाकरे (Raj Thackeray) के एक दावे को लेकर राजनीति भूचाल आ गया है। ठाकरे ने देश में बढ़ते जनाक्रोश का जिक्र करते हुए भविष्यवाणी की कि आने वाले दिनों में पूरे देश के लोग सड़कों पर उतर सकते हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि एक ऐसा दौर भी आएगा, जब देश में कुछ समय के लिए प्रधानमंत्री ही नहीं होगा। राज ठाकरे के इस बयान पर भाजपा (BJP) की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। राज ठाकरे के इस बयान पर भाजपा (BJP) ने भी जोरदार पलटवार करते हुए उनके दावों को 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने' करार दिया है।

भाजपा ने राज ठाकरे पर साधा निशाना

भाजपा विधायक प्रवीण दरेकर ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी भविष्यवाणी को 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने' ही कहा जा सकता है। उन्होंने राम मंदिर के उद्घाटन के समय ठाकरे भाइयों की ओर से देश में हिंसा होने की आशंका जताए जाने का भी जिक्र किया।

दरेकर ने कहा, उस समय ऐसी आशंकाएं जताई गई थीं, लेकिन अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन भव्य तरीके से और बिना किसी बाधा के संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि देश में विभिन्न उत्सव भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। इसी का हवाला देते हुए उन्होंने राज ठाकरे के ताजा बयान पर सवाल उठाए।

एपस्टीन से जुड़े फोटो विवाद के बीच राज ठाकरे का बड़ा बयान

दरअसल, यौन अपराधों के दोषी जेफ्री एपस्टीन के साथ केंद्रीय मंत्रिमंडल के एक मंत्री की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के दावे के बाद सरकार को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी पृष्ठभूमि में राज ठाकरे ने मुंबई प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्र सरकार और देश के मौजूदा राजनीतिक माहौल पर टिप्पणी की।

राज ठाकरे ने कहा कि आने वाले दिनों में कई और बातें सामने आ सकती हैं और यह घटनाक्रम रुकने वाला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार गलतियां कर रही है और लोगों में अलग-अलग मुद्दों को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अगर पूरा देश सड़कों पर उतर आए, तो उन्हें आश्चर्य नहीं होगा। राज ठाकरे ने नीट (NEET) परीक्षा से जुड़े आंदोलन और चुनाव आयोग के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त करने की इच्छा है और वे इसके लिए अलग-अलग मंच तलाश रहे हैं।

राज ठाकरे ने अपने बयान में यह भी कहा कि आने वाले समय में एक ऐसा छोटा दौर आ सकता है, जब देश में प्रधानमंत्री ही नहीं होगा। उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है।

CM फडणवीस के आरोपों पर भी ठाकरे का पलटवार

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। राज ठाकरे ने इस आरोप पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किए जाने और उनके साथ मारपीट होने के आरोपों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज कराया गया, मारपीट की गई और पुलिस की वर्दी में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को घुसाकर माहौल खराब किया गया। राज ठाकरे ने सवाल उठाया कि क्या बीजेपी अपने पुराने दिन भूल गई है जब वे खुद इस तरह के विरोध प्रदर्शन किया करते थे।

Updated on:
22 Oct 2026 11:16 am
Published on:
22 Oct 2026 10:26 am